छिबरामऊ।गुरुवार दोपहर ग्राम बहादुरपुर निवासी रानी देवी (60) पत्नी मास्टर सिंह की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना गांव के बाहर ही शव को फूंक दिया। थोड़ी देर बाद सूचना मिलने पर सीओ श्रीकांत प्रजापति ने मौके पर उपनिरीक्षक सोबरन सिंह को भेजा, जब तक पुलिस वहां पहुंची, तब तक महिला का शव पूरी तरह जल चुका था।
परिजनों का कहना था कि रानी देवी मानसिक बीमारी से ग्रस्ति थी, जिसके चलते उनकी मौत हो गई। शव के पास उनका छोटा बेटा उदयवीर मौजूद था, जबकि बड़ा बेटा बादाम सिंह वहां नहीं था। काफी देर तक पुलिस ग्रामीणों से घटना की जानकारी करने में जुटी रही।
ग्रामीणों में चर्चा थी कि रानीदेवी ने आग लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए परिजनों ने शव को गंगा घाट पर न लेकर गांव में ही फूूंक दिया। इस संबंध में विशुनगढ़ थानाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि महिला की मौत बीमारी से हुई है। गांव में रंजिश की वजह से पड़ोस के एक युवक ने हत्या की सूचना दी थी। सूचना देने वाले युवक से पूछताछ की जा रही है।