घटना की जानकारी पर घर के बाहर जमा भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
सदर कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार लुटेरों ने दिन दहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इन्होंने घर के बाहर खड़ी महिला से चेन लूट ली। विरोध करने पर मां को तमंचा की बट मारकर घायल कर दिया। यह फायर करते हुए भाग गए। जानकारी मिलते ही भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की। घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। घायल महिला के पुत्र ने तहरीर दी है।
शहर के मोहल्ला हलवाई खाना निवासी मीना पत्नी स्वर्गीय बसंत लाल वर्मा अपनी पुत्री आरती पत्नी हरीओम व नाती ईशू के साथ उरई से रिश्तेदारी से वापस औरैया आई थीं। यह बस स्टैंड से पैदल घर पहुंचीं। यह लोग घर के दरवाजे पहुंचे ही थे कि काली बाइक से पहुंचे तीन युवकों में से एक आरती के गले में पड़ी चेन खींचने लगा। मीना देवी ने युवक के हाथ को झटकने का प्रयास किया। इस पर बाइक पर बैठे दूसरे युवक ने उनके सिर पर तमंचा की बट मार दी। मीना लहूलुहान होकर चीखने लगीं। इसी बीच युवक ने आरती के गले से चेन खींच ली। यह फायर करते हुए वहां से भाग लिए। इस वारदात से मां-बेटी घबरा गईं। इनके शोर मचाने पर मोहल्ले में मौजूद सभी लोग बाहर आ गए। मौके पर भीड़ लग गई। मीना देवी के परिजन उमेश चौधरी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर सुधाकर मिश्रा ने घटना की जानकारी की। मीना देवी को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता के पुत्र रिषभ वर्मा ने पुलिस को तहरीर दी है।