कोहरे का असर देखिए। खड़े ट्रक से पहले कार टकराई और उसके बाद बस आकर भिड़ गई। करीब दो दर्जन लोगों को चोटें आईं। हादसा जालंधर में लंबा पिंड चौक से पीएपी की ओर जाते नेशनल हाईवे पर हुआ। ट्रक रात के समय पठानकोट से बजरी लेकर आया था कि सुच्ची पिंड के पास पहुंचकर ट्रक में कुछ खराबी आ गई। इस वजह से ड्राइवर ने वहीं रोड पर ट्रक खड़ा कर दिया।
सोमवार सुबह धुंध की वजह से कार चालक को ट्रक नजर नहीं आया और उसकी कार उससे जा टकराई। कार चालक संदीप निवासी लद्देवाली ने कहा कि वह किसी काम से जा रहा था तभी उसे धुंध में खड़ा ट्रक नजर नहीं आया और उसकी कार ट्रक से जोर से टकरा गई। वह कार से बाहर आकर साइड पर खड़ा हो देख रहा था कि इतने में पंजाब रोजवेज की बस, जो अमृतसर से चंडीगढ़ जा रही थी उसकी भी ट्रक से टक्कर हो गई और कार को भी नुकसान पहुंचा।
कार चालक उस समय बाहर साइड में खड़ा था, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन उसकी कार क्षतिग्रस्त हो गई। ट्रक में टकराने की वजह से बस में सवार 24 से ज्यादा लोग घायल हो गए। उनको इलाज के लिए पठानकोट के पास पड़ते अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जालंधर ट्रैफिक पुलिस ने सभी ट्रक और बस और हैवी वाहन चालकों को अपील की है कि वे अपने वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर जरूर लगवाएं, ताकि धुंध में होने वाले हादसों पर नियंत्रण लग सके।