एक शराबी ने रिश्तों को तार-तार कर दिया। ससुर का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने अपने दामाद को शराब पीने से रोका था। इससे खफा दामाद ने लाठी से वार कर ससुर की हत्या कर दी।
मामला देवरिया का है। शराब पीने और जुआ खेलने से मना करने से नाराज दामाद ने सुसर के सिर पर लाठी से वार कर हत्या कर दी। घरवाले पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
हत्या करने के बाद दामाद फरार है। पुलिस उसकी खोज कर रही है। हत्या की वारदात मंगलवार की सुबह रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के गांव सोमबरसा में हुई। सोनबरसा के बिहारी चौहान की पांच बेटियां हैं। एक बेटा था, लेकिन 12 साल पहले उसकी मौत हो गई। पांचों बेटियों की शादी हो चुकी है।
तीसरे नंबर की बेटी इंद्रवती की शादी उसने तरकुलवा थाना के नरायनपुर गांव में राजकिशोर चौहान से की थी। उसकी माली हालत ठीक नहीं थी। पिता से बेटी की हालत देखी न गई और उसने बेटी और दामाद को अपने पास बुला लिया। दोनों सास कुमारी और ससुर बिहारी के साथ रहने लगे। बताया जा रहा है कि इस बीच दामाद की संगत बिगड़ गई।