संभल। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाला में बंद घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। कुछ देेर बाद घर लौटे पीड़ित परिवार ने ताला टूटा देखा तो होश उड़ गए। कमरे में रखे जेवर, नकदी और कपड़े गायब मिले। इसकी जानकारी पीड़ित ने पुलिस को दी। कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।
रविवार को मोहल्ला नाला निवासी इफ्तेखार अहमद कुरैशी के घर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। घर में रखी नकदी, जेवर और कपड़े समेत डेढ़ लाख का माल चोरी हो गया। घटना उस समय हुई जब पीड़ित अपनी भतीजी की शादी के कार्ड बांटने के लिए रिश्तेदारी में गया था। दो घंटे बाद लौटा तो चोरी हो चुकी थी। पीड़ित ने बताया कि गुजरात के अहमदाबाद में उसके बड़े भाई रहते हैं। उनकी बेटी की शादी नवंबर में होनी है। उसकी शादी के कार्ड उन्होंने कोरियर से भेज दिए थे। कार्ड बांटने के लिए रविवार की शाम सात बजे करीब रिश्तेदारों में पत्नी और बेटी के साथ गया था। घर में ताला लगा दिया था। 9 बजे करीब वापस घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर घर में जाकर देखा तो होश उड़ गए। कमरे में रखे संदूक के ताले टूटे हुए थे। उसमें रखे सोने के कुंडल, झाले, पेंडिल, चांदी की 250 ग्राम वजन की पाजेब, नए कपड़े और 30 हजार रुपये की नकदी गायब थी। इसकी सूचना चौधरी सराय पुलिस को दी। पीड़ित ने करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान बताया है। कार्रवाई के लिए तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। वहीं दूसरी ओर देर शाम हुई वारदात से लोगों में रोष व्याप्त है।
बंद घर से नकदी समेत डेढ़ लाख का माल चोरी
देर शाम बंद घर में दिया घटना को अंजाम
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नाला की घटना
अमर उजाला ब्यूरो