दो ट्रकों की भिड़ंत में दो की मौत, एक घायल
खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र में मीरपुर गांव के पास हाइवे पर अनियंत्रित होकर एक ट्रक दूसरे ट्रक में पीछे से जा घुसा। हादसे में चालक समेत दो की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे ट्रक पर सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मुजफ्फरनगर के छपार गांव निवासी साकिब (22) पुत्र मासूम व दानिश (23) पुत्र सरताज शुक्रवार को हरिद्वार से ट्रक में बैटरी भरकर आगरा जा रहे थे। शनिवार तड़के करीब 4 बजे जब वह हाइवे पर गांव मीरपुर के पास पहुंचे तभी किसी कारण से ट्रक अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गया। उधर से गुजर रहे लोगों ने देखा तो मौके की तरफ दौड़ पड़े। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन बुलाकर दोनों ट्रकों को अलग करवाया। इसके बाद उसमें फंसे साकिब और दानिश को बाहर निकाला गया। लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके अलावा आगे वाले ट्रक में सवार चालक मुजफ्फरपुर निवासी अखलाख गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के परिवार वालों को घटना की सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि अभी तक उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। ब्यूरो