पॉटरी संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, बाल-बाल बचे
खुर्जा। नगर के मोहल्ला काजीबाड़ा स्थित आवास से बाहर निकलने पर युवक ने सरेशाम पॉटरी संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हालांकि निशाना चूकने के कारण पॉटरी संचालक बाल-बाल बच गए। कई राउंड फायरिंग की आवाज से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार दोपहर मूंडाखेड़ा रोड स्थित पॉटरी फैक्ट्री के संचालक मोहम्मद सरताज मोहल्ला काजीवाड़ा स्थित अपने आवास पर थे। शाम करीब पांच बजे वह अपने घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंच गए। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने आगे बढ़कर फायरिंग करनी शुरू कर दी। हालांकि फायरिंग के दौरान फैक्ट्री संचालक मोहम्मद सरताज बाल-बाल बच गए। ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग से मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी समेत तीनों युवक धमकी देते हुए भाग गए। पीड़ित फैक्ट्री संचालक की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौका मुआयना करते हुए जांच-पड़ताल की। मोहम्मद सरताज ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है। पीड़ित ने एक आरोपी के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है।