फैक्ट्री की छत से गिरी महिला की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
खुर्जा। मूंडाखेड़ा रोड स्थित एक फैक्ट्री की छत से गिरकर मजदूर महिला की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। हालांकि परिवार के लोगों ने किसी भी तरह की कार्रवाई से इनकार कर दिया।
अलीगढ़ निवासी जमीला (40) पत्नी बहादुर मूंडाखेड़ा मार्ग स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थी। शनिवार को फैक्ट्री में प्रशासनिक अधिकारी निरीक्षण करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि डर के मारे महिला फैक्ट्री की छत पर पीछे की तरफ भागी और पैर फिसलने से नीचे गिर पड़ी। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि परिजनों ने इस मामले में किसी भी तरह की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटना की जानकारी होने से मना कर रहे हैं।