डॉलर के नाम पर पांच लाख ठगने की दो और कंप्लेंट
गिरफ्तारी की खबर मिलते ही थाने पहुंचे पीड़ित
डॉलर के नाम पर ठगने वाले आरोपी छह दिन के रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
कालका।
कालका में डॉलर के नाम पर ठगी के दो मामले और सामने आए हैं। एक पीड़ित ने तीन लाख और दूसरे ने दो लाख रुपये ठगने की शिकायत कालका थाने में दी है। सस्ते डालर के नाम पर लोगों को ठगने वालों की गिरफ्तारी का पता चलते ही कालका थाने में कालका-पिंजौर से लोग पहुंचे। पीड़ितों के मुताबिक उनके साथ भी कुछ इसी तरह ठगी की वारदात हुई है।
वहीं डालर के नाम पर ठगने के आरोप में गिरफ्तार पांचों आरोपियों मिराज, मोहम्मद अबुतलिब, अब्दुल, आमिर हुसैन तथा हकीबुल इस्लाम को शनिवार को कालका पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों से रिमांड के दौरान मिली शिकायतों की जानकारी हासिल की जा रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस पीड़ितों को बुलाकर आरोपियों की शिनाख्त परेड भी करा सकती है। फिलहाल गरोह के सरगना को हैंडल करने वाले के बारे में पूछताछ जारी है।
करण शर्मा से तीन लाख रुपये ठगे
कालका के भरत नगर निवासी करण शर्मा ने पुलिस को बताया कि बीते माह सस्ते डालर का झांसा देकर उनसे तीन लाख रुपये ठगे गए। उनकी भरत नगर में करियाना शॉप है। जहां कुछ समय से दो युवक आया जाया करते थे। जिसमें से एक ने अपना नाम राजू बताया। एक दिन राजू ने बताया कि उनका एक रिश्तेदार मनीमाजरा में एक बुजुर्ग दंपति के घर नौकर है, जिनके बच्चे विदेश में रहते है। वहीं बुजुर्ग कि अचानक मौत हो गई। जिसके चलते उनके बच्चे विदेश से संस्कार करने आए, थे। तब उन्होंने बुजुर्ग का कुछ समान मेरे रिश्तेदार को दे दिया था। इस सामान में विदेशी डालर के करीब एक हजार नोट मिले हैं। उनकी यहां कोई जानकारी नही है, जिसके चलते वह इन नोटों को इंडियन करंसी में बदलवा सके। राजू ने करण को बातों में बहका-फुसलाकर विदेशी डालर के एक हजार नोटों के बदले साढ़े तीन लाख रुपये देने की बात कही। जिसमें तीन लाख रिश्तेदार को देने व पचास हजार राजू ने कमीशन के रूप में मांगे। 22 मई को करण ने जैसे-तैसे राजू को कमीशन के पचास हजार दिए। फिर तीन लाख रुपये राजू के बताए एड्रेस पर मनीमाजरा मॉडल स्कूल के पास गली में पहुंचे। इस बीच राजू व उसके रिश्तेदार, जिनके पास विदेशी डालर थे की करण से कई बार फोन पर बातचीत भी हुई। कुछ देर बाद राजू का रिश्तेदार उस गली में आया और करण से पैसे लेकर डालर का बैग उसे देकर निकल गया। इसके बाद करण ने बैग को चेक किया तो कि बैग में अखबार के रोल पड़े थे। जिसके बीच साबुन कि टिक्की लिपटी पड़ी थी। यह देख करण ने राजू को फोन किया तो फोन स्विच ऑफ आया। दूसरे युवक जिससे पैसों का लेनदेन हुआ का फोन भी स्विच आफ था। वहीं पिंजौर निवासी वजिंद्र ने भी पुलिस को कुछ इसी तरक दो लाख की ठगी की शिकायत दी है।
पुलिस जांच कर रही है : सुरजीत सिंह
कालका थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है। छह दिन का रिमांड मिला है। शनिवार को कालका निवासी करण शर्मा ने तीन लाख व पिजौंर निवासी वजिंद्र ने भी दो लाख रुपये इसी तरह ठगने की शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।