सिहावली में घर के बाहर बैठे युवक को गोली मारी, हालत गंभीर
संभल/सौंधन। हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव सिहावली में घेर के बाहर मां के साथ बैठे युवक को गोली मार दी। युवक को खून से लतपथ देख मां की चीखुकार मच गई। पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना के आधे घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। परिजन खुद ही युवक को निजी वाहन से लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
क्षेत्र के गांव सिहावली निवासी वेदपाल (26)पुत्र कोमल सिंह चार दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। वह गांव के ही एक युवक की चोरी के शक में पिटाई के बाद हुई मौत के मामले में जेल में था। गुरुवार को रात करीब 9.00 बजे अपनी मां के साथ घर के निकट घेर में बैठा हुआ था। इस बीच चार लोग वहां पहुंचे और एक युवक ने तमंचे से गोली मार दी। उसके साथ कुछ और युवक भी थे। गोली युवक के गोली सीने में लगी। युवक और उसकी मां की चीखपुकार सुनकर पड़ोस के लोग गए।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलवार भाग गए। युवक की मां का कहना है कि उसने हमलावरों को पहचान लिया है। परिजनों ने आनन- फानन में डायल 100 पुलिस को सूचना दी। परिजनों का कहना है कि सूचना के आधे घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। परिजन खुद ही युवक को गंभीर हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टर ने हालत गंभीर देख रेफर कर दिया। हयातनगर के थाना प्रभारी अनिल यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। सीओ सुदेश कुमार ने घायल के परिजनों से बातचीत कीहै। प रिजनों ने घटना की जानकारी उन्हें दी है। साथ ही कुछ नाम भी बताए हैं। सीओ का कहना है कि पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर रही है। इसके बाद विवेचना में सच सामने आएगा।