सड़क हादसों में 6 लोग घायल
खुर्जा। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में 6 लोग घायल हो गए। हाइवे पर जहां ट्रक ने चार बुग्गियों को रौंद दिया वहीं, नेहरूपुर चुंगी के पास बस ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रविवार सुबह हाइवे पर गांव तालिबपुर के पास अनियंत्रित ट्रक ने चार बुग्गियों को रौंद दिया। हादसे में एक भैंसे की मौत हो गई, जबकि लालपुर गांव निवासी बुग्गी सवार अलीहसन, राशिद, इस्लामुद्दीन और समसुद्दीन घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। पीड़ितों ने अज्ञात चालक के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। वहीं रविवार सुबह नेहरूपुर चुंगी के पास रोडवेज बस ने बाइक सवार दो को कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार चमन और सलमान घायल हो गए। हादसे के बाद काफी संख्या में एकत्र हुए लोगों ने रोडवेज बस को रोक लिया और चालक की पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं, रोडवेज बस पर बैठीं सवारियों को दूसरी बस में शिफ्ट कर उनके गंतव्य भेजा गया।