फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तलाक के बाद बिगड़ी थी चहल की तबीयत?: बोले- शराब की लत और पैनिक अटैक से जूझा; 26 दिन रिहैब में रहकर बदली जिंदगी

Fri, 16 Oct 2026 04:38 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

युजवेंद्र चहल ने आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बताया कि तलाक के बाद उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी और शराब पीने की आदत हद से ज्यादा बढ़ गई थी। उन्होंने 26 दिन रिहैब सेंटर में बिताए। चहल ने पैनिक अटैक आने और मानसिक स्वास्थ्य के कारण क्रिकेट से ब्रेक लेने के बारे में भी खुलासा किया। उन्होंने कहा कि अब वह पहले से बेहतर स्थिति में हैं।
विज्ञापन
चहल और धनश्री - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपनी निजी जिंदगी के मुश्किल दौर को लेकर बड़ा खुलासा किया है। मैदान पर अपनी हंसी-मजाक और चुलबुले अंदाज के लिए मशहूर चहल ने बताया कि तलाक के बाद उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इस दौरान शराब पीने की आदत हद से ज्यादा बढ़ गई थी। हालात ऐसे हो गए कि उन्हें रिहैब सेंटर में 26 दिन बिताने पड़े। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में चहल ने अपनी जिंदगी के इस दौर, पैनिक अटैक और क्रिकेट पर पड़े असर के बारे में खुलकर बात की।

विज्ञापन
Trending Videos

चहल और धनश्री - फोटो : PTI/ANI/Instagram
तलाक के बाद बढ़ गई थी शराब पीने की आदत
आकाश चोपड़ा ने चहल से पूछा कि उन्होंने शराब छोड़ने का फैसला कब किया। इस पर स्पिनर ने बताया कि पिछले साल काउंटी क्रिकेट खेलने के बाद उन्होंने इस दिशा में कदम उठाया। चहल ने कहा, 'पिछले साल काउंटी क्रिकेट के बाद चीजें हद से ज्यादा बढ़ गई थीं। इसलिए मैं रिहैब सेंटर में भर्ती हुआ और वहां 26 दिन रहा। अब मुझे पता है कि इन चीजों को कैसे संभालना है। इस फैसले ने मेरी निजी जिंदगी में बड़ा बदलाव किया। मेरी परिपक्वता बढ़ी और भावनाएं भी संतुलित हुईं।' उन्होंने बताया कि शुरुआत में कम उम्र होने के कारण पार्टियों में जाना आम बात थी। हालांकि, तलाक के बाद शराब पीने की आदत बढ़ गई और उनकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं रही।

चहल ने कहा, 'तलाक के बाद चीजें हद से ज्यादा बढ़ गईं और मेरी मानसिक स्थिति भी अच्छी नहीं थी। मुझे एहसास हुआ कि अगर मैं इसी रास्ते पर चलता रहा, तो उस चीज को ही बर्बाद कर दूंगा, जिससे मुझे सबसे ज्यादा प्यार है। वह है क्रिकेट। इसलिए मैंने इसे रोकने का फैसला किया। अब मैं ज्यादा खुश हूं और बेहतर स्थिति में हूं।'

चहल और धनश्री - फोटो : Instagram
पैनिक अटैक आने लगे, क्रिकेट से भी लेना पड़ा ब्रेक
चहल ने बताया कि निजी जिंदगी सार्वजनिक चर्चा का विषय बनने से उन्हें काफी परेशानी हुई। इसका असर उनके खेल पर भी पड़ा। उन्होंने कहा कि उस साल उन्होंने सीमित ओवरों के सिर्फ दो मैच खेले और मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण टी20 क्रिकेट से दूर रहे। चहल ने कहा, 'मैं पूरी तरह तैयार नहीं था और नहीं चाहता था कि मेरी वजह से टीम को नुकसान हो। मैंने अनिरुद्ध सर से बात की और ब्रेक मांगा। उन्होंने मेरा काफी साथ दिया।' उन्होंने आगे बताया कि एक समय के बाद उन्हें चिंता और पैनिक अटैक आने लगे। चहल के मुताबिक, ऐसे समय में उनकी धड़कन तेज हो जाती थी और चेहरे पर भी इसका असर दिखाई देता था। उनके होंठ एक तरफ खिंच जाते थे और वह ठीक से बोल भी नहीं पाते थे।
विज्ञापन

युजवेंद्र चहल और धनश्री - फोटो : इंस्टाग्राम
एबी डिविलियर्स की सलाह भी आई याद
चहल ने बताया कि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने उनसे एक बार कहा था कि जिंदगी में संतुलन बेहद जरूरी है। चहल के मुताबिक, यह बात सुनने में आसान लगती है, लेकिन इसे अपनाना मुश्किल होता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर होने वाली चर्चाओं को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करने का फैसला किया। चहल ने बताया कि पंजाब किंग्स के लिए खेलते समय जब टीम ने उन पर 18 करोड़ रुपये खर्च किए, तो उन्हें लगा कि फ्रेंचाइजी ने उन पर भरोसा किया है और उन्हें उस भरोसे पर खरा उतरना होगा।

आईपीएल में अब तक सबसे ज्यादा विकेट
युजवेंद्र चहल आईपीएल में 188 मैचों में 233 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। आईपीएल 2025 में उन्होंने 16 विकेट लिए, जबकि 2026 के सीजन में उनके नाम 12 विकेट रहे। मुश्किल निजी दौर से उबरने के बाद चहल ने कहा कि अब वह अपनी भावनाओं को बेहतर तरीके से संभाल पा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें