भारतीय क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली गुरुवार को 38 साल के हो गए। उनके जन्मदिन पर क्रिकेट जगत की कई दिग्गज हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए बधाई दी। पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने कोहली की फिटनेस की तारीफ करते हुए कहा कि 38 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस देखने लायक है। वहीं, सुरेश रैना, शिखर धवन, मोहम्मद शमी और मनोज तिवारी ने भी अपने खास अंदाज में इस दिग्गज बल्लेबाज को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
कोहली ने अपने जन्मदिन से ठीक पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में शानदार पारी खेली थी। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में उन्होंने 51 गेंदों पर 74 रन बनाए और भारत की लक्ष्य का पीछा करने में अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के 19वें साल में प्रवेश किया। उनका यह सफर रिकॉर्ड, उपलब्धियों, उतार-चढ़ाव और यादगार पारियों से भरा रहा है।
विराट कोहली का रिकॉर्ड
- फोटो : ANI
'38 साल में इतनी फिटनेस पहले कभी नहीं दिखी'
कोहली के पूर्व रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) साथी दिनेश कार्तिक ने सोशल मीडिया पर खास संदेश साझा किया। उन्होंने कोहली की फिटनेस और मैदान पर उनके जज्बे की तारीफ करते हुए लिखा, 'हर साल वही आग और वही जुनून। 38 साल की उम्र में इतनी शानदार फिटनेस पहले कभी नहीं दिखी। जन्मदिन मुबारक हो, विराट।'
वहीं, पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने कोहली के खेल के प्रति जुनून और लगातार बेहतर करने की भूख की सराहना की। उन्होंने लिखा, 'जन्मदिन मुबारक हो विराट! खेल के प्रति तुम्हारा जुनून, भूख और प्यार आज भी लाखों लोगों को प्रेरित करता है। तुम्हारा आने वाला साल शानदार रहे।'
कोहली
- फोटो : ANI
रैना बोले- विराट को बल्लेबाजी करते देखना खुशी की बात
पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने कोहली के साथ बिताए क्रिकेट के पलों को याद करते हुए उन्हें किंग बताया। उन्होंने कहा कि कोहली ने अपनी बल्लेबाजी से प्रशंसकों को अनगिनत यादें और भावनाएं दी हैं। रैना ने लिखा, 'जन्मदिन मुबारक हो किंग कोहली! शानदार कवर ड्राइव से लेकर यादगार रन चेज तक, आपने क्रिकेट प्रशंसकों को अनगिनत यादें दी हैं। आपका जुनून, लड़ने का जज्बा और जीतने की भूख आपको खास बनाती है। मेरे लिए आपको बल्लेबाजी करते देखना बेहद खुशी की बात है। हमेशा प्रेरित करते रहें और देश को गौरवान्वित करते रहें। एक बार किंग, हमेशा किंग!'
कोहली और अनुष्का
- फोटो : ANI
शमी और मनोज तिवारी ने भी दी बधाई
भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए कोहली को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उनके लिए अच्छे स्वास्थ्य और खुशियों की कामना की। वहीं, पूर्व भारतीय बल्लेबाज मनोज तिवारी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ कोहली के साथ अपनी साझेदारी की एक तस्वीर साझा की। उन्होंने उस पुराने मुकाबले को याद करते हुए लिखा, 'कुछ साझेदारियां सिर्फ बनाए गए रनों के लिए याद नहीं रहतीं, बल्कि उनसे जुड़ी यादों के लिए खास होती हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ हमारी साझेदारी भी ऐसी ही थी। खेल के प्रति अपने जुनून, मेहनत और प्रतिबद्धता से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहो।' पूर्व तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल ने भी कोहली को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की।
कोहली और अनुष्का
- फोटो : ANI
राजीव शुक्ला ने उपलब्धियों और जज्बे को सराहा
बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भी कोहली को बधाई देते हुए उनके शानदार रिकॉर्ड और खेल के प्रति प्रतिबद्धता की तारीफ की। उन्होंने लिखा, 'आपकी शानदार उपलब्धियों, संघर्ष करने के जज्बे और खेल के प्रति प्रतिबद्धता ने नए मानक स्थापित किए हैं। आप आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों को लगातार प्रेरित कर रहे हैं। कामना है कि आप लगातार नई ऊंचाइयां हासिल करें, कई और यादगार पल बनाएं और मैदान के अंदर और बाहर अपने शानदार प्रदर्शन से देश को प्रेरित करते रहें। आपको अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और लगातार सफलता से भरे शानदार साल की शुभकामनाएं।'
BCCI ने खास पोस्टर साझा कर याद दिलाईं उपलब्धियां
बीसीसीआई ने भी विराट कोहली के जन्मदिन पर एक खास पोस्टर साझा किया। इसमें कोहली टेस्ट जर्सी पहने कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं और दीवार पर उनकी क्रिकेट यात्रा की यादगार तस्वीरें लगी हैं। बोर्ड ने पोस्ट के साथ कोहली के अंतरराष्ट्रीय करियर के आंकड़े और उनकी प्रमुख उपलब्धियां साझा कीं। बीसीसीआई के मुताबिक, कोहली अब तक 566 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं और उनके नाम 28,601 रन दर्ज हैं। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 86 शतक लगा चुके हैं। कोहली ने 2011 में वनडे विश्व कप, 2013 और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी और 2024 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीमों का हिस्सा रहते हुए देश को गौरवान्वित किया है।
कोहली और अनुष्का
- फोटो : ANI
RCB ने बताया इस युग को परिभाषित करने वाला खिलाड़ी
कोहली की आईपीएल फ्रेंचाइजी आरसीबी ने भी खास संदेश के साथ उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। टीम ने कहा कि हर युग में एक ऐसा खिलाड़ी होता है, जो उस दौर की पहचान बन जाता है और मौजूदा क्रिकेट युग के लिए विराट कोहली वही खिलाड़ी हैं। आरसीबी ने एक्स पर लिखा, 'हर युग में एक ऐसा खिलाड़ी पैदा होता है, जो उस युग को परिभाषित करता है। क्रिकेट के इस युग के लिए विराट कोहली वही खिलाड़ी हैं। आंकड़े इतिहास की किताबों में दर्ज रहेंगे और दुनिया पहले से ही उनकी काबिलियत जानती है। लेकिन हम हमेशा याद रखेंगे कि उन्होंने हमें कैसा महसूस कराया। जन्मदिन मुबारक हो, किंग कोहली!'
कोहली और अनुष्का
- फोटो : ANI
तीनों प्रारूपों में कोहली के नाम कई बड़े रिकॉर्ड
विराट कोहली का अंतरराष्ट्रीय करियर उपलब्धियों से भरा है। उन्होंने भारत को वनडे विश्व कप, टी20 विश्व कप और दो चैंपियंस ट्रॉफी खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। इसके अलावा वह आईपीएल के दो खिताब भी जीत चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में कोहली ने 123 मुकाबलों में 9,230 रन बनाए हैं। उनका औसत 46.85 है। इस प्रारूप में उनके नाम 30 शतक और 31 अर्धशतक हैं। वह भारत की ओर से टेस्ट में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।
वनडे में कोहली के नाम 318 मैचों की 306 पारियों में 15,183 रन हैं। उनका औसत 58.84 है। वह इस प्रारूप में दुनिया के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके नाम रिकॉर्ड 55 शतक और 80 अर्धशतक दर्ज हैं। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने 125 पारियों में 4,188 रन बनाए हैं। इस प्रारूप में उनका औसत 48.69 है। उनके नाम एक शतक और 38 अर्धशतक हैं। तीनों प्रारूपों को मिलाकर कोहली ने 566 मैचों की 633 पारियों में 28,601 रन बनाए हैं। उनका औसत 52.86 है। उनके नाम कुल 86 अंतरराष्ट्रीय शतक और 149 अर्धशतक हैं। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर हैं।