भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज अब रोमांचक दौर में पहुंच चुकी है। पहला वनडे जीतने के बाद दूसरे मुकाबले में टीम इंडिया को हार झेलनी पड़ी। अब तीसरा और निर्णायक मैच 18 जनवरी को इंदौर में खेले जाएगा। हालांकि, पिछले मुकाबले से एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली श्रेयस अय्यर की चाल की नकल उतारते नजर आते हैं, और पीछे चल रहे कप्तान रोहित शर्मा भी खुद को हंसी रोक नहीं पाते हैं।
ऐसे हुआ पूरा मजेदार वाकया
- जब दोनों टीमें मैच से पहले नेशनल एंथम के लिए मैदान में जा रही थीं, आगे भारत की लाइन में शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर चल रहे थे। उनके पीछे विराट कोहली थे।
- इसी दौरान विराट ने श्रेयस की तरह ही कंधे उचकाते हुए और उसी अंदाज में चलते हुए उनकी चाल की मिमिक्री शुरू कर दी।
- वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कोहली बिल्कुल उसी अंदाज में चलते हैं जैसे श्रेयस अय्यर चल रहे थे।
- कुछ सेकंड बाद रोहित शर्मा ने विराट को इशारे से टोका, जिसके बाद विराट ने रोहित को समझाते हुए बताया कि 'श्रेयस ऐसे ही चलता है' और फिर कोहली ने मिमिक्री जारी रखी। इस पर रोहित हंस पड़े।
सोशल मीडिया पर फैंस के मजेदार रिएक्शन
- यह वीडियो फैन पेजों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया और देखते ही देखते यह वायरल हो गया। फैंस ने भी कोहली की अदाओं पर मजेदार कमेंट्स की बौछार कर दी।
- एक फैन ने लिखा- सरपंच साहब का स्वैग। वहीं, दूसरे ने कमेंट किया- विराट भाई नहीं सुधरने वाले।
- एक और यूजर ने लिखा- विराट भाई को मैच के मिमिक्री क्लास खोलनी चाहिए।
- तो वहीं एक फैन ने लिखा- कुछ दिन पहले की बात थी, तब रोहित भाई आगे चलते थे। वहीं, एक और यूजर ने लिखा- कोहली ने साबित किया कि वह ऑलराउंडर हैं।
- वहीं, एक फैन ने इस वीडियो को क्यूट बताया। सोशल मीडिया पर वीडियो को लाखों व्यूज मिल चुके हैं और फैंस इसे काफी पसंद कर रहे हैं।
क्यों पसंद आता है विराट का यह अंदाज
विराट कोहली अपने ऑन-फील्ड एग्रेशन के लिए तो जाने जाते ही हैं, लेकिन ड्रेसिंग रूम और फील्ड पर उनकी हंसी-मजाक वाली एक्टिविटी भी फैंस को खूब भाती है। अक्सर मैच से पहले या बाद में उनके मजेदार पल वायरल होते रहते हैं और टीम इंडिया के माहौल को हल्का-फुल्का बनाने में उनकी भूमिका अहम मानी जाती है। यही वजह है कि कोहली के ऐसे हल्के-फुल्के पल एनसीए से लेकर टीम बस तक, फैंस के लिए हमेशा मनोरंजन का हिस्सा बनते रहते हैं।