टीम इंडिया वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को धूल चटाने के बाद आज रविवार को सबीना पार्क मैदान में अपना एकमात्र टी 20 मैच खेलेगी। इससे पहले भारत ने वनडे सीरीज में मेजबान टीम को 3-1 से हराया था। लेकिन वेस्टइंडीज का टी-20 में प्रदर्शन अच्छा रहा है जो कि टीम इंडिया के लिए मुश्किल भी खड़ी कर सकता है क्योंकि पिछले साल ही उसने भारत की मेजबानी में खेले गए टी-20 विश्व कप में दूसरी बार खिताब हासिल किया था।
बता दें कि इस मैच के लिए क्रिस गेल की वापसी हुई है। गेल हालांकि चोटों और खराब फॉर्म के कारण 15 महीने बाद राष्ट्रीय टीम में लौटे हैं। आईपीएल में भी वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके थे। गेल के अलावा केरन पोलार्ड और मार्लन सैमुएल्स का भी टीम इंडिया को सामना करना होगा।
बता दें कि वेस्टइंडीज की बल्लेबाजी में कोई शिकायत नहीं है लेकिन गेंदबाजी को लेकर वो बिल्कुल कमजोर साबित हो रही है। गेंदबाजी में उसके पास ज्यादा अनुभव नहीं है। सैमुएल बद्री और जैरोम टेलर के अलावा सुनिल नरेन पर काफी कुछ निर्भर करेगा।
इधर बात करें टीम इंडिया की तो पारी की शुरुआत करने वाले शिखर धवन और अजिंक्य रहाणे अच्छी फॉर्म में नजर आ रहे हैं। रहाणे ने मेजबान टीम को पूरी सीरीज में अपने बल्ले से धूल चटाई है। उन्होंने पांच मैचों मे से चार में 50 का आंकड़ा पार किया था।
वहीं विराट कोहली, महेंद्र सिंह धोनी, युवराज सिंह के तौर पर उसके पास अनुभव भी है। कप्तान कोहली इस मैच के लिए टीम में कुछ बदलाव करते नजर आ सकते हैं। खबर है कि आइपीएल में अपने बल्ले से दिल्ली डेयरडेविल्स को मुश्किलों की घड़ी में जीत दिलाने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज रिषभ पंत को मौका मिल सकता है।
भारत : विराट कोहली (कप्तान), महेंद्र सिंह धौनी, शिखर धवन, ऋषभ पंत, अजिंक्य रहाणे, युवराज सिंह, केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और दिनेश कार्तिक, मोहम्मद शमी, उमेश यादव, भुवनेश्वर कुमार।
वेस्ट इंडीज : कार्लोस ब्राथेवट (कप्तान), सैमुएल बद्री, रोसफोर्ड बीटन, क्रिस गेल, इविन लुइस, जैसन मोहम्मद, सुनिल नरेन, केरन पोलार्ड, रोवमैन पावेल, मार्लन सैमुएल्स, जैरेम टेलर, चाडविक वाल्टन, केसरिक विलियम्स।