रनरेट और 200+ स्कोर: भारत सबसे आगे
भारत की बल्लेबाजी की असली पहचान उसके रनरेट और बड़े स्कोर हैं। 9.69 का औसत रनरेट और 62 मैचों में 20 बार 200 से ज्यादा रन, ये आंकड़े बताते हैं कि भारत अब हर मैच में विपक्षी गेंदबाजी पर हावी रहने की मानसिकता के साथ उतरता है।
टीम इंडिया की बल्लेबाजी गेंदबाजों के लिए डर
अभिषेक शर्मा, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और रिंकू सिंह, यह बल्लेबाजी क्रम सिर्फ गहराई वाला नहीं, बल्कि हर ओवर में मैच बदलने की क्षमता रखता है। भले ही संजू सैमसन फॉर्म से जूझ रहे हों, लेकिन बाकी बल्लेबाज इस कमी को पूरी तरह ढक देते हैं।
छक्कों में भारत का दबदबा
टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शामिल खिलाड़ियों के आंकड़े देखें तो भारत के बल्लेबाजों ने अक्तूबर 2023 से अब तक 1081 छक्के लगाए हैं। भारतीय बल्लेबाज हर 10.99 गेंद में एक छक्का लगा रहे हैं। यह सभी टीमों में सबसे बेहतर है।
अभिषेक शर्मा: छक्कों का बादशाह
व्यक्तिगत स्तर पर अभिषेक शर्मा इस दौर के सबसे खतरनाक बल्लेबाज बनकर उभरे हैं। उन्होंने 249 छक्के लगाए हैं, जो कि सबसे ज्यादा है। अभिषेक ने हर 6.78 गेंदों में एक छक्का लगाया और 200+ का स्ट्राइक रेट उन्हें बाकी सभी से अलग बनाता है। अभिषेक के अलावा ईशान किशन, हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे भी हर 11 गेंदों से कम में छक्का लगाने वालों की सूची में हैं, जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण के लिए बुरा सपना है।
10+ छक्कों वाली पारियां: भारत सबसे आगे
अक्तूबर 2023 के बाद भारत के बल्लेबाजों ने नौ बार किसी एक पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्के लगाए हैं। किसी भी दूसरी टीम का आंकड़ा तीन से ज्यादा नहीं। अभिषेक शर्मा अकेले ही चार बार यह कारनामा कर चुके हैं, जो किसी भी अन्य पूरी टीम से ज्यादा है।