फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

T20 WC: 'पाकिस्तान अपने ही खिलाड़ियों के साथ नाइंसाफी कर रहा..', भारत से मैच के बहिष्कार पर कपिल देव की दो टूक

Wed, 04 Feb 2026 10:11 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

कपिल देव के मुताबिक, भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच का बहिष्कार पाकिस्तान के लिए दूरगामी नुकसान लेकर आएगा। इससे न सिर्फ देश की छवि धूमिल होगी, बल्कि युवा खिलाड़ियों का भविष्य भी प्रभावित होगा। राजनीतिक संदेश देने की कोशिश में पाकिस्तान अपने ही क्रिकेटरों और विश्व क्रिकेट में अपनी जगह को कमजोर करने का जोखिम उठा रहा है।
विज्ञापन
कपिल देव और नकवी - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत के महान कप्तान और ऑलराउंडर कपिल देव ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के पाकिस्तान के फैसले पर सख्त एतराज जताया है। उनका कहना है कि यह फैसला किसी और को नहीं, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट और उसके खिलाड़ियों को ही सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाएगा। कपिल देव के मुताबिक, ऐसे बोर्ड-स्तरीय फैसलों की कीमत खिलाड़ियों को लंबे समय तक चुकानी पड़ती है।
विज्ञापन

'देश की साख गिरती है'
एनडीटीवी से बातचीत में कपिल देव ने साफ शब्दों में कहा कि अगर यह फैसला खिलाड़ियों ने नहीं, बल्कि बोर्ड ने लिया है, तो इसका असर बेहद नकारात्मक होगा। उन्होंने कहा, 'अगर यह फैसला खिलाड़ियों ने लिया होता, तो वे खुद सामने आकर कहते। लेकिन जब बोर्ड तय करता है कि आप नहीं खेलेंगे, तो देश की साख गिरती है। यह पाकिस्तान के लिए अच्छा नहीं दिखता।'

युवा खिलाड़ियों के भविष्य पर संकट
कपिल देव ने इस फैसले को पाकिस्तान के युवा क्रिकेटरों के लिए घातक बताया। उनके मुताबिक, विश्व कप जैसे मंच पर खेलने का मौका हर खिलाड़ी का सपना होता है, और उसे छीन लेना एक पूरी पीढ़ी के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा, 'आप एक पूरी पीढ़ी को खत्म कर रहे हैं। पाकिस्तान ने वर्षों से शानदार टैलेंट दिया है, लेकिन अगर आप इन लड़कों को विश्व कप खेलने नहीं देंगे, तो आप खेल को नुकसान पहुंचा रहे हैं और अपने ही खिलाड़ियों के साथ नाइंसाफी कर रहे हैं।'

पाकिस्तान का बहिष्कार का फैसला
पाकिस्तान सरकार ने रविवार को घोषणा की कि वह टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा तो लेगा, लेकिन 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप स्टेज मैच में नहीं उतरेगा। यह फैसला आईसीसी द्वारा बांग्लादेश की मैच स्थान बदलने की मांग खारिज किए जाने के बाद सामने आया, जिसके बाद टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड की एंट्री हुई।

भावनाएं बनाम हकीकत
कपिल देव का मानना है कि शुरुआत में इस फैसले से भावनात्मक प्रतिक्रियाएं जरूर होंगी, लेकिन समय के साथ दुनिया आगे बढ़ जाएगी और पाकिस्तान अकेला रह जाएगा। उन्होंने कहा, 'भावनाएं और दर्शक जरूर प्रभावित होंगे, लेकिन लंबे समय में किसी को फर्क नहीं पड़ेगा। लोग आगे बढ़ जाएंगे।'

आईसीसी की चिंता और नियमों की भूमिका
आईसीसी पहले ही पाकिस्तान के रुख पर चिंता जता चुका है और पीसीबी से फैसले पर दोबारा विचार करने को कह चुका है। टूर्नामेंट नियमों के मुताबिक, अगर टॉस के समय दोनों टीमें मौजूद नहीं होतीं, तो वॉकओवर दिया जा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय टीम तय कार्यक्रम के अनुसार कोलंबो पहुंचेगी और कप्तान सूर्यकुमार यादव टॉस के लिए मौजूद रहेंगे। अगर पाकिस्तान कप्तान सलमान अली आगा नहीं आते हैं, तो भारत को दो अंक मिल सकते हैं।
विज्ञापन

आर्थिक नुकसान भी बड़ा
खेल के अलावा आर्थिक मोर्चे पर भी नुकसान तय माना जा रहा है। भारत-पाकिस्तान मैच विश्व क्रिकेट का सबसे बड़ा व्यावसायिक मुकाबला है। रिपोर्ट्स के अनुसार, वॉकओवर की स्थिति में ब्रॉडकास्टर को करीब 250 करोड़ रुपये तक का विज्ञापन नुकसान हो सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें