युगांडा ने सोशल मीडिया पर किया तंज
युगांडा क्रिकेट के आधिकारिक एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट ने 29 जनवरी को एक पोस्ट के जरिए पाकिस्तान पर सीधा तंज कसा। पोस्ट में लिखा गया, 'अगर टी20 वर्ल्ड कप में कोई सीट खाली होती है, तो युगांडा पूरी तरह तैयार है, पैक्ड और पैडेड। पासपोर्ट गर्म हैं (बर्फ जैसे ठंडे नहीं)। कोई बेकर ओवन छोड़कर नहीं जा रहा, न ही कोई जहाज यू-टर्न लेगा। गर्मी, शोर, दबाव? हम बोल्ड किट लेकर आएंगे।' यह पोस्ट कुछ ही घंटों में वायरल हो गई और क्रिकेट फैंस ने इसे पाकिस्तान के लिए सीधा संदेश माना। साथ ही यह आइसलैंड के ट्वीट का भी जवाब था। आइसलैंड ने युगांडा के मजे लिए थे।
पाकिस्तान के बहिष्कार की अटकलें क्यों?
दरअसल, पाकिस्तान द्वारा टी20 वर्ल्ड कप से हटने की अटकलें इसलिए तेज हुईं क्योंकि पीसीबी ने बांग्लादेश के समर्थन में एकजुटता दिखाने के संकेत दिए थे। बांग्लादेश ने भारत में खेले जाने वाले मैचों को लेकर सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए वेन्यू को श्रीलंका शिफ्ट करने की मांग की थी। आईसीसी द्वारा यह मांग ठुकराए जाने के बाद बांग्लादेश अपनी जिद पर अड़ा रहा। फिर आईसीसी ने बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटाने का फैसला लिया। इसके बाद पाकिस्तान को लेकर भी कयास शुरू हो गए कि वह भारत के खिलाफ मैच या पूरे टूर्नामेंट का बहिष्कार कर सकता है।
यह भी पढ़ें: Virat Kohli: इंस्टाग्राम पर लौटे विराट कोहली, 27 करोड़ फॉलोअर्स को राहत; 8 घंटे तक क्यों रहा गायब उनका अकाउंट?
पहले आइसलैंड, अब युगांडा... शर्म करो पाकिस्तान!
युगांडा से पहले आइसलैंड क्रिकेट ने भी पाकिस्तान को ट्रोल किया था। आइसलैंड क्रिकेट ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि वे पाकिस्तान की जगह खेलने को तैयार हैं, बशर्ते उन्हें पहले से सूचना मिल जाए।आइसलैंड की इस पोस्ट को पांच लाख से ज्यादा इम्प्रेशंस मिले, जिसके बाद उन्होंने कोलंबो के बढ़ते फ्लाइट किरायों पर भी चुटकी ली। बाद में आइसलैंड ने खुद ही टूर्नामेंट से नाम वापस लेते हुए एक और मजेदार बयान जारी किया था और युगांडा पर तंज कसा था। युगांडा के कुछ पॉइंट्स आइसलैंड की ट्वीट का जवाब भी थे।
यह भी पढ़ें: नकवी को अपनों से झटका?: शहबाज शरीफ ने विश्व कप बहिष्कार पर लगा दी रोक! आसिफ जरदारी ने भारत से मैच खेलने को कहा
आइसलैंड ने पहले क्या लिखा था?
आइसलैंड क्रिकेट ने एक्स पर लिखा, 'हमें वाकई पाकिस्तान से टी20 विश्व कप में भाग लेने के बारे में जल्द फैसला लेने की जरूरत है। जैसे ही वे दो फरवरी को नाम वापस लेंगे हम तुरंत रवाना होने के लिए तैयार हैं, लेकिन उड़ान का शेड्यूल इतना जटिल है कि सात फरवरी तक कोलंबो समय पर पहुंचना हमारे लिए बहुत मुश्किल होगा।' इतना ही नहीं आइसलैंड क्रिकेट ने उनके ट्रेवल प्लान का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया।
आइसलैंड ने फिर नाम लिया वापस
आइसलैंड क्रिकेट ने कहा, 'हमारे खिलाड़ी अलग-अलग पेशों से आते हैं और अचानक दुनिया के दूसरे छोर पर नहीं जा सकते। हमारा कप्तान एक पेशेवर बेकर है, जिसे ओवन संभालना है। हमारा जहाज कप्तान समुद्र में है, और हमारे बैंकर… फिर से दिवालिया होने की तैयारी में हैं। यह अमेच्योर क्रिकेट की सच्चाई है। हमारा नुकसान शायद युगांडा का फायदा हो। उनके किट मिस नहीं किए जा सकते, जब तक किसी को मिर्गी न हो। भविष्य हमेशा बर्फ जैसा ठंडा नहीं रहता।'
हालांकि, युगांडा का जवाब आने पर आइसलैंड क्रिकेट ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। साथ ही आईसीसी को एक बार फिर ट्रोल किया। आइसलैंड ने लिखा, 'हमें अब तक आईसीसी से कोई जवाब नहीं मिला है। हमें लगा था कि शायद हमने गलती से इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट को टैग कर दिया हो, लेकिन ऐसा नहीं है। हो सकता है वे पफिन पोस्ट से जवाब भेजें।'
आईसीसी और सदस्य बोर्डों से रिश्ते बिगाड़ना नहीं चाहता PCB
सूत्रों के मुताबिक, पीसीबी ने भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की सुरक्षा चिंताओं का समर्थन जरूर किया है, लेकिन इससे आगे जाकर कोई ऐसा कदम उठाना, जिससे आईसीसी में पाकिस्तान की स्थिति कमजोर हो, बोर्ड के हित में नहीं होगा। बीसीसीआई, पीसीबी और आईसीसी के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के तहत यह पहले ही तय है कि 2027 तक आईसीसी आयोजनों में भारत-पाकिस्तान के मुकाबले न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाएंगे। ऐसे में भारत के खिलाफ मैच से पीछे हटने का कोई ठोस कारण पीसीबी के पास नहीं है।