मुंबई ने अंगकृष रघुवंशी की नाबाद 84 रन की पारी और मुशीर खान के तेजी से बनाए गए नाबाद 29 रन की मदद से रविवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप डी मैच में छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से हरा दिया। रघुवंशी ने 63 गेंद की पारी में आठ चौके और तीन छक्के जड़े जबकि मुशीर ने 16 गेंद में तीन चौके और एक छक्का लगाया, इससे मुंबई ने ईडन गार्डन्स में 18.5 ओवर में एक विकेट पर 162 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली मुंबई की टीम ने छत्तीसगढ़ को 18.2 ओवर में 159 रन पर समेट दिया। शिवम दुबे ने 3.2 ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि तुषार देशपांडे और मैक्सवेल स्वामीनाथन ने दो-दो विकेट हासिल किए।
हैदराबाद बनाम उत्तराखंड
ग्रुप डी के एक अन्य मैच में हैदराबाद ने कोलकाता के जादवपुर विश्वविद्यालय परिसर के दूसरे मैदान पर उत्तराखंड को चार विकेट से हराया। बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज चामा मिलिंद को चार ओवर में 25 रन देकर चार विकेट लेने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। रक्षण रेड्डी ने भी 24 रन देकर तीन विकेट लिए जिससे हैदराबाद ने उत्तराखंड को 19.2 ओवर में 146 रन पर समेट दिया। फिर हैदराबाद ने 27 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। कोडिमेला हिमतेजा ने 40 गेंद में 77 रन की शानदार पारी खेली।
दिल्ली ने हरियाणा को हराया
तेजस्वी दहिया की 36 गेंदों पर खेली गई 95 रन की तूफानी पारी की मदद से दिल्ली ने रविवार को यहां सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप बी मैच में हरियाणा को 43 रन से हराया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 232 रन बनाए। दहिया ने अपनी पारी में छह चौके और नौ छक्के लगाए। दिल्ली के विशाल स्कोर के जवाब में हरियाणा की टीम आठ विकेट पर 189 रन ही बना सकी।
ग्रुप बी के एक अन्य मुकाबले में हरवंश पंगलिया की नाबाद 80 रन की पारी के बावजूद सौराष्ट्र को रेलवे के हाथों 29 रन से हार का सामना करना पड़ा। रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 182 रन बनाए। उसकी तरफ से जयंत लखन ने 39 गेंदों पर सर्वाधिक 47 रन बनाए। रवि सिंह ने 23 गेंदों पर 32 रन बनाए, जबकि जुबैर अली 18 गेंदों पर 27 रन बनाकर नाबाद रहे।
मप्र की महाराष्ट्र पर करीबी जीत
अक्षत रघुवंशी ने 21 गेंद पर 50 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि कप्तान रजत पाटीदार और हर्ष गवली ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिससे मध्य प्रदेश ने ग्रुप सी के एक रोमांचक मैच में महाराष्ट्र को पांच रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरे मध्य प्रदेश ने रघुवंशी की विस्फोटक पारी की मदद से नौ विकेट पर 208 रन बनाए। महाराष्ट्र ने इसके जवाब में निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 203 रन बनाए।