भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने मंगलवार को दोहा में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। उन्होंने एसीसी राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में यूएई के खिलाफ भारत ए की ओर से खेलते हुए महज 53 गेंदों में 204 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उनकी इस पारी के बाद भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव भी उनके मुरीद हो गए। सूर्या ने वैभव की तारीफ करते हुए उन्हें अपनी प्रेरणा तक बता दिया। उनके अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ और एस बद्रीनाथ ने भी युवा बल्लेबाज की जमकर सराहना की।
सूर्या बोले- अब तुम मेरी प्रेरणा हो
टी20 विश्व कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वैभव की तारीफ करते हुए लिखा, 'वैभव सूर्यवंशी, अब तुम मेरी प्रेरणा हो। क्या खिलाड़ी है। खास।' सूर्यकुमार के इस संदेश ने युवा बल्लेबाज की ऐतिहासिक पारी के प्रभाव को दिखाया। वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से लिस्ट-ए क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए।
28 गेंदों में शतक, 52 गेंदों में दोहरा शतक
वैभव ने यूएई के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने महज 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही वह लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2023 में 29 गेंदों में शतक लगाया था।
इसके बाद वैभव ने 40 गेंदों में 150 रन पूरे कर लिए। उन्होंने अपना ही पिछला रिकॉर्ड बेहतर किया। इससे पहले उन्होंने बिहार की ओर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 59 गेंदों में 150 रन बनाए थे। वैभव ने महज 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा कर लिया। इससे पहले लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के चैड बोवेस के नाम था, जिन्होंने 103 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
28 छक्के लगाकर बनाया नया रिकॉर्ड
वैभव ने अपनी पारी में सात चौके और 28 छक्के लगाए। लिस्ट-ए क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अब उनके नाम हो गया है। उन्होंने डार्सी शॉर्ट का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 में 23 छक्के लगाए थे। वैभव 204 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन तब तक वह रिकॉर्ड बुक में अपना नाम कई बार दर्ज करा चुके थे।
रैना और कैफ ने भी की तारीफ
पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना ने वैभव की प्रतिभा की तारीफ करते हुए लिखा, 'असाधारण प्रतिभा! इतनी कम उम्र में दोहरा शतक वैभव सूर्यवंशी की निडर मानसिकता और असाधारण क्षमता को दर्शाता है। बड़े सपने देखते रहो और चमकते रहो, युवा चैंपियन!' वहीं, मोहम्मद कैफ ने लिखा, '53 गेंदों में 204 रन, 28 छक्के। वैभव सूर्यवंशी रिकॉर्ड टूटने का इंतजार नहीं कर रहे, बल्कि क्रिकेट इतिहास को नए सिरे से लिख रहे हैं। वह भविष्य के सुपरस्टार हैं।' एस बद्रीनाथ ने भी उनकी तारीफ करते हुए कहा, 'वैभव सूर्यवंशी हाल के दिनों में जो कर रहे हैं, उसकी तारीफ के लिए अब शब्द कम पड़ रहे हैं। आगे बढ़ते रहो और देश को गौरवान्वित करते रहो!'