गिल ने अभिषेक के ओवर में मचाया धमाल
फाजिल्का फाल्कन्स की कप्तानी कर रहे गिल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार पारी खेली। मुकाबले के 10वें ओवर में जब अभिषेक शर्मा गेंदबाजी करने आए तो गिल ने पहली ही गेंद पर सीधा छक्का जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने डीप मिडविकेट की दिशा में चौका लगाया और फिर ओवर की पांचवीं गेंद को भी छक्के के लिए भेज दिया। गिल ने इस तरह अभिषेक के ओवर में 6, 4, 6 का सिलसिला पूरा किया।
वह तेजी से अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश उन्हें भारी पड़ गई। गिल ने गेंद को हवा में खेला और नमन धीर के हाथों कैच आउट हो गए। फाजिल्का के कप्तान ने 35 गेंदों पर 67 रन की पारी खेली, जिसमें आठ चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनकी पारी के दम पर फाजिल्का फाल्कन्स ने 20 ओवर में 191/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया। उनके अलावा प्रांशु प्रताप ने 40 रन बनाए, जबकि सनवीर सिंह ने 21 गेंदों पर 40 रन की तेज पारी खेली।