भारत-अफगानिस्तान सीरीज के प्रोमो से उठा विवाद
एसीबी ने रविवार को अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भारत के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की सीरीज का प्रमोशनल वीडियो साझा किया था। इसी वीडियो में इस्तेमाल किए गए नक्शे को लेकर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीसीबी ने नक्शे में किए गए इस चित्रण को लेकर पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के समक्ष चिंता जाहिर की है। हालांकि, पीसीबी की ओर से विदेश कार्यालय के सामने किस तरह की आपत्ति दर्ज कराई गई, इसकी सटीक जानकारी तत्काल सामने नहीं आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले को पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने पर विचार कर सकता है। हालांकि, अभी तक इस संबंध में किसी औपचारिक कदम की घोषणा नहीं की गई है।
काबुल और इस्लामाबाद के बीच पहले से तनाव
यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच संबंधों में पहले से ही तनाव बना हुआ है। दोनों देश सीमा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर विवाद में हैं। हाल के समय में दोनों पक्षों के बीच सीमा पर झड़पें और हवाई हमले भी हुए हैं। पाकिस्तान लगातार अफगान तालिबान पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) को शरण देने का आरोप लगाता रहा है। पाकिस्तान का आरोप है कि टीटीपी देश के भीतर होने वाले घातक हमलों के लिए जिम्मेदार है। इस पृष्ठभूमि में भारत के खिलाफ सीरीज के प्रमोशन में नक्शे का इस्तेमाल दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बीच एक और विवाद का कारण बन गया है।