जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने हरारे स्थित इंडिया हाउस में जिम्बाब्वे में भारत के उच्चायुक्त ब्रह्मा कुमार से मुलाकात की। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर और कार्यवाहक मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण का सम्मान भी किया गया।
बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, 'हरारे की एक यादगार शाम। जिम्बाब्वे में भारत के उच्चायुक्त ब्रह्मा कुमार ने दूसरे टी20 मुकाबले से पहले इंडिया हाउस में टीम इंडिया की मेजबानी की।'
पहले मैच की जीत से बढ़ा टीम का आत्मविश्वास
- भारतीय टीम ने सीरीज के पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को सात विकेट से हराया था। इसके साथ ही टीम ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार सीरीज में मिली हार के सिलसिले को भी खत्म किया।
- यह जीत श्रेयस अय्यर के लिए भी खास रही, क्योंकि टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान के रूप में यह उनकी पहली जीत थी। सूर्यकुमार यादव के बाद कप्तानी संभालने के बाद शुरुआती दो सीरीज में उन्हें लगातार छह मैचों में हार का सामना करना पड़ा था।
वैभव और मयंक रहे जीत के हीरो
पहले टी20 में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़कर अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में फिफ्टी लगाने का रिकॉर्ड बनाया। वहीं, 21 महीने बाद वापसी करने वाले तेज गेंदबाज मयंक यादव ने दो विकेट लेकर शानदार वापसी की। 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 40 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। वैभव के अलावा ईशान किशन और कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी उपयोगी पारियां खेलीं।
अब सीरीज जीतने पर नजर
भारत शनिवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में जीत दर्ज कर तीन मैचों की सीरीज अपने नाम करना चाहेगा। इसके बाद रविवार को होने वाले अंतिम मुकाबले में टीम की नजर 3-0 से क्लीन स्वीप करने पर होगी। वहीं, जिम्बाब्वे की टीम पहले मैच में बल्लेबाजी में संघर्ष करती नजर आई थी। ऐसे में मेजबान टीम सीरीज बचाने के लिए दूसरे मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगी।