फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बौखलाए शोएब अख्तर का विवादित बयान: भारत की एकतरफा जीत पर कहा- क्रिकेट बर्बाद हो गया; मना रहे थे कीवी टीम जीते

Mon, 09 Mar 2026 01:25 PM IST
Swapnil Shashank स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, कराची

सार

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की एकतरफा जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने विवादित बयान देते हुए कहा कि भारत के दबदबे ने क्रिकेट को नुकसान पहुंचाया है। हालांकि उन्होंने कोच गौतम गंभीर की भी तारीफ की, जबकि मोहम्मद आमिर ने हार के लिए न्यूजीलैंड की गेंदबाजी को जिम्मेदार ठहराया।
विज्ञापन
शोएब अख्तर का विवादित बयान - फोटो : PTI/Twitter ScreenGrab
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की शानदार जीत ने क्रिकेट जगत में खूब चर्चा बटोरी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। जहां दुनिया भर के क्रिकेट विशेषज्ञ भारत के प्रदर्शन की तारीफ कर रहे हैं, वहीं पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने इस जीत पर विवादित प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि भारत के दबदबे ने क्रिकेट को नुकसान पहुंचाया है।
विज्ञापन

'भारत ने क्रिकेट बर्बाद कर दिया'
टैपमैड पर एक पाकिस्तानी शो 'गेम ऑन है' में बोलते हुए शोएब अख्तर ने भारत के दबदबे की तुलना मोहल्ले के अमीर बच्चे से कर दी। उन्होंने कहा, 'यह ऐसा है जैसे किसी मोहल्ले में एक अमीर बच्चा हो जो गरीब बच्चों को बुलाकर कहे- आओ क्रिकेट खेलते हैं। भारत भी हमारे साथ कुछ ऐसा ही कर रहा है। आठ टीमों में से चार रख लेते हैं, फिर उनमें से तीन को आगे बुला लेते हैं और फिर कहते हैं देखो, हम जीत गए। भारत ने पूरी तरह क्रिकेट को बर्बाद कर दिया है।' उन्होंने मजाक मजाक में गंभीर आरोप लगा दिए और टी20 विश्वकप से पहले जो विवाद हुए थे, उनका बयान उस पर तंज जैसा लग रहा था। अख्तर के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। कई फैंस ने इसे भारत की जीत के बाद आई हताशा बताया।
 

फाइनल से पहले कही थी अलग बात
दिलचस्प बात यह है कि फाइनल से पहले शोएब अख्तर का रुख थोड़ा अलग था। उस समय उन्होंने भारत को फाइनल का मजबूत दावेदार माना था, लेकिन कहा था कि वह क्रिकेट के हित में न्यूजीलैंड को जीतते देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा था, 'मुझे लगता है कि न्यूजीलैंड भारत के सामने दबाव में आ सकता है, लेकिन भारत पर 1.5 अरब लोगों का दबाव भी है। भारत यहां जीत का दावेदार है, लेकिन क्रिकेट के लिहाज से अब समय आ गया है कि न्यूजीलैंड यह वर्ल्ड कप जीते।'

गौतम गंभीर की भी की तारीफ
हालांकि आलोचना के बीच अख्तर ने भारत की सफलता के एक अहम कारण को भी स्वीकार किया। उन्होंने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की तारीफ की। अख्तर का मानना है कि गंभीर ने खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाया और मुश्किल दौर में उनका साथ दिया, जो बड़े टूर्नामेंट जीतने में काफी अहम साबित होता है।
 

आमिर की भी बौखलाहट दिखी
भारत की जीत के बाद पाकिस्तान के एक और पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भी अलग तरह की प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक पाकिस्तानी क्रिकेट शो में कहा कि भारत की जीत का बड़ा कारण न्यूजीलैंड की गेंदबाजी भी रही। उनके मुताबिक कीवी गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर दबाव बनाने में नाकाम रहे, जिसकी वजह से भारत ने मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बना लिया।

आमिर ने कहा, 'न्यूजीलैंड की गेंदबाजी में किए गए बदलाव मुझे समझ नहीं आए। जब टीम को पता था कि अभिषेक शर्मा स्पिन के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, तब भी स्पिन का ज्यादा इस्तेमाल नहीं किया गया।' आमिर ने कहा कि उन्होंने 2005 से न्यूजीलैंड टीम को फॉलो किया है, लेकिन उन्हें पहली बार टीम इतनी दबाव में खेलती दिखी।

पाकिस्तानी गेंदबाज माना कि भारत ने इस मैच में साबित कर दिया कि सिर्फ गेंदबाज नहीं, बल्लेबाज भी बड़े टूर्नामेंट जीता सकते हैं। आमिर ने भारत के सेमीफाइनल और फाइनल में न पहुंचने की भविष्यवाणी की थी, लेकिन भारत सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराते हुए न सिर्फ फाइनल में पहुंची, बल्कि फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से हराकर खिताब जीता। भारत की जीत के बाद आमिर को सोशल मीडिया पर भारतीय क्रिकेट फैंस की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
 

ऐसे जीता भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 255/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दी। इसके बाद ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली और अंत में शिवम दुबे ने आठ गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर स्कोर को 255 तक पहुंचाया।
विज्ञापन

गेंदबाजों ने भी दिखाया कमाल
लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत ठीक रही, जहां टिम साइफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन बनाए। लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली। जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4/15 के आंकड़े दर्ज किए, जबकि Axar Patel ने 3/27 विकेट लेकर कीवी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। आखिरकार भारत ने 96 रनों से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली पहली टीम बन गई, साथ ही यह पहला मौका भी था जब मेजबान टीम ने यह खिताब जीता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें