फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'पत्नी रो रही थी, गंभीर ने किया फोन...': सरफराज ने ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक करने के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी

Sat, 21 Nov 2026 11:34 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई

सार

ड्रेसिंग रूम से जुड़ी एक खबर ने सरफराज और उनके परिवार को काफी परेशान कर दिया था। पत्नी के आंसू और पिता की चिंता के बीच भारतीय टीम के एक बड़े नाम ने उन्हें फोन किया। सरफराज ने अब उस मुश्किल दौर से जुड़ा पूरा किस्सा सुनाया है।
विज्ञापन
सरफराज खान - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेटर सरफराज खान ने ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक करने के आरोपों को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि इन आरोपों ने उन्हें ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार को भावनात्मक रूप से परेशान कर दिया था। उनकी पत्नी रो रही थीं और पिता भी काफी दुखी थे। ऐसे मुश्किल समय में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सबसे पहले उनसे संपर्क किया और उनका हौसला बढ़ाया।

विज्ञापन
Trending Videos

सरफराज खान - फोटो : ANI
गंभीर ने फोन कर दी थी सलाह
सरफराज ने पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान बताया कि आरोपों के बाद उन्होंने अपना फोन बंद कर लिया था। इसके दो दिन बाद गंभीर ने उन्हें फोन किया और इन बातों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी। सरफराज ने कहा, 'मुझे अपना फोन बंद करना पड़ा था। जीजी सर (गौतम गंभीर) ने दो दिन बाद मुझे फोन किया। उन्होंने कहा कि ये सब बेकार की बातें हैं। ऐसी राजनीति में मत पड़ो और अपने खेल पर ध्यान दो।'

सरफराज ने बताया कि उन्होंने गंभीर से कहा कि वह उनकी बात समझते हैं, लेकिन उनके पिता नौशाद दुखी हैं और उनकी पत्नी भी रो रही हैं। इसके बाद गंभीर ने उनके पिता से भी बात की। उन्होंने कहा, 'जीजी सर ने फिर मेरे पिता से बात की और उनसे कहा कि ऐसी बातों को ज्यादा महत्व न दें और सरफराज को क्रिकेट खेलने दें, क्योंकि वह अच्छा क्रिकेटर है। उन्होंने मेरे पिता से यह भी कहा कि अगर उन्हें किसी मदद की जरूरत हो तो वह उन्हें फोन कर सकते हैं। सबसे पहले उन्होंने ही मुझे फोन किया था।'

सरफराज और जुरेल - फोटो : ANI
ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद लगे थे आरोप
भारतीय टीम के 2024-25 के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ड्रेसिंग रूम में कथित अनबन की खबरें सामने आई थीं। इसी बीच सरफराज पर ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक करने के आरोप लगे थे। हालांकि, वह पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें किसी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला।

सरफराज ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान चोटिल होने के बाद वह बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे। घर लौटने के बाद अचानक उन्हें इन आरोपों से जुड़ी खबरें मिलने लगीं। उन्होंने कहा, 'मैं आहत था। जैसे ही मेरी फ्लाइट लैंड हुई, मुझे फोन और मैसेज आने लगे। सोशल मीडिया पर बहुत कुछ लिखा जा रहा था। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खत्म हुए 25-30 दिन हो चुके थे। मुझे सीरीज के दौरान चोट लगी थी और मैं रिहैब के लिए एनसीए गया था। अचानक खबरें आने लगीं कि मैंने ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक की है। मैं सोच रहा था कि किससे बात करूं।'

सरफराज खान - फोटो : twitter
सरफराज ने आरोपों को किया खारिज
सरफराज ने ड्रेसिंग रूम की जानकारी लीक करने के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कुछ हुआ होता तो उन्हें बाद में भारत-ए और भारतीय टीम में खेलने के मौके नहीं मिलते। उन्होंने कहा, 'मैं किसे बताऊं? ऐसा कुछ हुआ ही नहीं था। अगर ऐसा होता तो मुझे भारत-ए टीम और फिर श्रीलंका सीरीज के लिए नहीं चुना जाता। मुझे नहीं पता कि यह बात किसने कही थी। मुझे बहुत बुरा लग रहा था। जब मैंने किसी को फोन किया तो मेरा कॉल तक नहीं उठाया गया। मेरे परिवार के लिए वह बहुत मुश्किल समय था।'

उन्होंने आगे कहा कि उनका जीवन संघर्षों से भरा रहा है और वह मुश्किलों का सामना करने के लिए तैयार थे, लेकिन परिवार को दुखी देखकर उन्हें ज्यादा तकलीफ हुई। सरफराज ने कहा, 'मुझे अपने पिता, मां, पत्नी और भाई के लिए बुरा लगा। सोशल मीडिया पर छोटी-सी बात भी बहुत बड़ी बना दी जाती है। मैंने बहुत पहले एक कहावत सुनी थी- अगर आप किसी का काम नहीं बिगाड़ सकते तो उसका नाम खराब कर दो। उसका काम अपने आप बिगड़ जाएगा।'
विज्ञापन

सरफराज खान - फोटो : Twitter
भारत के लिए छह टेस्ट खेल चुके हैं सरफराज
29 वर्षीय सरफराज खान ने भारत के लिए अब तक छह टेस्ट मैच खेले हैं। उनके नाम 37.10 की औसत से 371 रन हैं। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नवंबर 2024 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ था। उन्हें 2026 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए साई सुदर्शन के चोटिल होने पर भारतीय टीम में शामिल किया गया था, लेकिन वह दोनों में से किसी भी टेस्ट में नहीं खेले। वह आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व करते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें