फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नायर ने पीले कपड़ों पर ली रोहित की चुटकी: दर्शकों ने लगाए 'मुंबई-मुंबई' के नारे, मिला दिल जीतने वाला जवाब

Fri, 18 Sep 2026 04:43 PM IST
शिवम गर्ग स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

पीले कपड़ों में नजर आए रोहित शर्मा को अभिषेक नायर ने चेन्नई और कोलकाता की टीमों से जोड़कर मजाक किया। इस दौरान दर्शकों ने मुंबई-मुंबई के नारे लगाए, जिस पर रोहित के जवाब ने माहौल बना दिया। वहीं, उनके आईपीएल भविष्य और 2027 विश्व कप में खेलने को लेकर भी सवाल कायम हैं।
विज्ञापन
रोहित शर्मा - फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इन दिनों अपने नए टीवी शो फॅमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा को लेकर चर्चा में हैं। शो के एक टीजर में रोहित और उनके करीबी दोस्त व कोलकाता नाइट राइडर्स के मुख्य कोच अभिषेक नायर के बीच आईपीएल को लेकर मजेदार बातचीत देखने को मिली। नायर ने रोहित को पीले कपड़ों में देखकर पहले चेन्नई सुपर किंग्स और फिर कोलकाता नाइट राइडर्स से जोड़कर मजाक किया। हालांकि, जब दर्शकों ने 'मुंबई-मुंबई' के नारे लगाए तो रोहित के सिर्फ एक शब्द के जवाब ने मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों का दिल जीत लिया।

विज्ञापन

पीले कपड़ों में दिखे रोहित तो नायर ने ली चुटकी
शो के दौरान रोहित शर्मा पूरी तरह पीले रंग के कपड़ों में नजर आए। उन्हें इस अंदाज में देखकर अभिषेक नायर ने मजाक करते हुए पूछा कि क्या यह उनकी अगली आईपीएल टीम का संकेत है। पीला रंग होने के कारण इशारा चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ था। इसके बाद नायर ने मजाक को आगे बढ़ाते हुए कहा कि पीला और गोल्ड रंग रोहित पर ज्यादा अच्छा लगता है। इस तरह उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को भी बातचीत में शामिल कर लिया।

तभी वहां मौजूद दर्शकों ने 'मुंबई, मुंबई' के नारे लगाने शुरू कर दिए। दर्शकों के इस रिएक्शन पर रोहित ने सिर्फ एक शब्द कहा- 'फॉरएवर' यानी हमेशा। रोहित के इस जवाब ने मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों को खुश कर दिया।
 

19 सितंबर से शुरू होगा रोहित का नया शो
रोहित शर्मा का टेलीविजन होस्ट के तौर पर फॅमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा में डेब्यू है। यह शो 19 सितंबर से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होगा।

आईपीएल को लेकर रोहित और नायर के बीच यह मजाक ऐसे समय में हुआ है जब मुंबई इंडियंस को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। आईपीएल 2026 में मुंबई की टीम नौवें स्थान पर रही थी और उसके खाते में सिर्फ चार जीत आई थीं।

हार्दिक पांड्या के भविष्य पर भी चर्चा
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या को लेकर भी आईपीएल के बाद काफी चर्चा रही है। उनके टीम छोड़ने और गुजरात टाइटंस में वापसी की संभावनाओं से जुड़ी रिपोर्ट सामने आई थीं। कोलकाता नाइट राइडर्स समेत कुछ अन्य टीमों के भी पांड्या में दिलचस्पी दिखाने की खबरें आई थीं। पांड्या 2024 में गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में लौटे थे। यह सौदा 15 करोड़ रुपये की राशि से जुड़े ट्रेड के जरिए हुआ था, जबकि ट्रांसफर फीस का खुलासा नहीं किया गया था।

ऐसे में मुंबई इंडियंस में चल रही चर्चाओं के बीच रोहित शर्मा के आईपीएल भविष्य को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। रोहित मुंबई के सबसे सफल कप्तानों में रहे हैं और उनकी कप्तानी में टीम ने पांच आईपीएल खिताब जीते हैं। फिलहाल उनके 'फॉरएवर' वाले जवाब से इतना जरूर साफ होता है कि मुंबई इंडियंस के साथ उनका भावनात्मक जुड़ाव कायम है।

क्या वेस्टइंडीज सीरीज होगी रोहित की आखिरी?
रोहित शर्मा के सामने अब सबसे बड़ा सवाल उनके अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर है। वह टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 27 सितंबर से शुरू होनी है। ऐसे में यह सीरीज रोहित के अंतरराष्ट्रीय करियर के लिहाज से अहम हो सकती है। हालांकि, इसे उनका आखिरी वनडे कहना अभी जल्दबाजी होगी। रोहित को भारत की वनडे टीम में जगह मिली हुई है। उन्होंने अपने पिछले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में 138 रन की शानदार पारी खेली थी। इस पारी के बाद वनडे टीम में उनकी मौजूदगी को लेकर चर्चा और तेज हुई।
विज्ञापन

2027 विश्व कप पर रोहित ने नहीं किया कोई वादा
रोहित शर्मा के 2027 वनडे विश्व कप में खेलने को लेकर भी लगातार सवाल पूछे जाते रहे हैं। हालांकि, रोहित ने अभी इस बारे में कोई स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं जताई है। अपने वनडे भविष्य और 2027 विश्व कप में खेलने की संभावनाओं पर बात करते हुए रोहित ने कहा था 'अक्तूबर 2027 अभी बहुत दूर है, तब देखेंगे।' इससे साफ है कि रोहित ने 2027 विश्व कप को लेकर अपना फैसला फिलहाल भविष्य के लिए खुला रखा है। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज उनके करियर का अंतिम पड़ाव होगी या नहीं, यह अभी तय नहीं है। लेकिन टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद अब रोहित का हर वनडे प्रशंसकों के लिए खास महत्व रखता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें