पूर्व भारतीय ऑलराउंडर रॉबिन सिंह ने मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी के साथ अपना 16 साल पुराना रिश्ता खत्म कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। रॉबिन 2010 से मुंबई इंडियंस के साथ जुड़े हुए थे और टीम के पांच आईपीएल खिताब जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने मुंबई इंडियंस के साथ-साथ एमआई अमीरात से भी अलग होने का फैसला किया है। उनके इस ऐलान के बाद फैंस और क्रिकेट जगत में भावुक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
रॉबिन सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर बताया कि अब उनका मुंबई इंडियंस और एमआई अमीरात के साथ सफर खत्म हो गया है। रॉबिन सिंह ने लिखा, 'मैं यह साझा करना चाहता हूं कि मैंने आधिकारिक तौर पर मुंबई इंडियंस से अलग होने का फैसला कर लिया है। हालांकि मैं 2022 के बाद से आईपीएल टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा नहीं था, लेकिन इस साल एमिरेट्स लीग की टीम से भी मेरा सफर समाप्त हो गया।'
विज्ञापन
फ्रेंचाइजी और फैंस को कहा धन्यवाद
पूर्व भारतीय खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस परिवार और फैंस का आभार भी जताया। उन्होंने कहा, '2010 से शुरू हुए इस शानदार सफर में समर्थन देने के लिए पूरी मुंबई इंडियंस फैमिली और फैंस का धन्यवाद। मैं आने वाले वर्षों के लिए फ्रेंचाइजी को शुभकामनाएं देता हूं।' रॉबिन सिंह लंबे समय तक मुंबई इंडियंस के कोचिंग सेटअप का अहम हिस्सा रहे। उनकी रणनीति और अनुभव ने टीम को कई सफलताएं दिलाईं।
पांच आईपीएल ट्रॉफी जीतने में निभाई अहम भूमिका
मुंबई इंडियंस ने रॉबिन सिंह के कार्यकाल में पांच आईपीएल खिताब और दो चैंपियंस लीग टी20 ट्रॉफी जीतीं। वह सिर्फ आईपीएल तक सीमित नहीं रहे, बल्कि आईएल20 में एमआई अमीरात के साथ भी जुड़े रहे। 2023 में वह एमआई अमीरात के जनरल मैनेजर बने थे, जबकि 2024 में उन्हें टीम का प्रमुख नियुक्त किया गया था।
खिलाड़ी से कोच तक शानदार सफर
भारतीय टीम के लिए 136 वनडे मैच खेलने वाले रॉबिन सिंह ने 2336 रन बनाए और 69 विकेट भी लिए। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने कोचिंग में कदम रखा और दुनिया भर की कई टी20 लीगों में काम किया। आईपीएल के पहले सीजन में उन्होंने डेक्कन चार्जर्स के कोचिंग स्टाफ में भी भूमिका निभाई थी। हालांकि उस सीजन टीम अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही थी। रॉबिन सिंह का मुंबई इंडियंस से अलग होना फ्रेंचाइजी के इतिहास के एक बड़े अध्याय का अंत माना जा रहा है।