कीरोन पोलार्ड को आईपीएल आचार संहिता तोड़ने के मामले में सजा मिली है। बीसीसीआई ने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच पर मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही उनके खाते में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया। यह मामला आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 के तहत दर्ज किया गया, जो मैच के दौरान 'सार्वजनिक रूप से अपशब्दों के इस्तेमाल' से जुड़ा है।
चौथे अंपायर से हुई बहस
घटना पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान हुई। बताया गया कि दूसरी पारी के 19वें ओवर में पोलार्ड ने चौथे अंपायर की ओर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। आईपीएल के बयान में कहा गया, 'कीरोन पोलार्ड ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और मैच रेफरी पंकज धर्माणी द्वारा दी गई सजा को मान लिया है।'
मैदान पर मुंबई की शानदार जीत
मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराया। हालांकि मुंबई पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम ने सीजन का अंत मजबूत तरीके से करने की कोशिश जारी रखी है। इस मुकाबले में तिलक वर्मा ने धमाकेदार बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें छह चौके और छह छक्के शामिल रहे।
पंजाब की लगातार पांचवीं हार
दूसरी ओर पंजाब किंग्स की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। टीम की यह लगातार पांचवीं हार रही। पंजाब ने 200 रन का बड़ा स्कोर बनाया था, लेकिन गेंदबाज उसे बचाने में नाकाम रहे। अब पंजाब के पास सिर्फ दो मैच बचे हैं और प्लेऑफ की उम्मीद बनाए रखने के लिए उन्हें हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। एक और हार टीम के लिए बाहर होने का खतरा पैदा कर सकती है। पंजाब को अब आरसीबी और लखनऊ से मैच खेलना है।