भारतीय टेस्ट टीम के लिए राहत भरी खबर है। स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं। साइड स्ट्रेन की चोट से उबर चुके पंत को बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से फिटनेस क्लीयरेंस मिलने की पूरी संभावना है। इसके बाद वह 12 नवंबर को न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो सकते हैं। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पंत इन दिनों सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में दो दिवसीय मैच सिमुलेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने सिमुलेशन का पहला चरण पूरा किया, जबकि दूसरा चरण बुधवार को निर्धारित है। दोनों चरण सफलतापूर्वक पूरे करने के बाद उन्हें रिटर्न टू प्ले (आरटीपी) सर्टिफिकेट मिल सकता है।
ऋषभ पंत
- फोटो : IANS
ईरानी कप के दौरान लगी थी चोट
ऋषभ पंत को रेस्ट ऑफ इंडिया की ओर से ईरानी कप में खेलते समय साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी। इसके बाद उन्हें फिटनेस के अधीन इंडिया ए टीम में एक अनौपचारिक टेस्ट मैच के लिए शामिल किया गया था। हालांकि, फिटनेस मानकों पर पूरी तरह खरा नहीं उतरने के कारण उन्हें सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से आरटीपी सर्टिफिकेट नहीं मिल पाया था। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि पंत पूरी तरह फिट हैं और फिलहाल मैच सिमुलेशन ड्रिल कर रहे हैं। बुधवार को दूसरा राउंड पूरा होने के बाद उनके न्यूजीलैंड रवाना होने का रास्ता साफ हो जाएगा।
ऋषभ पंत
- फोटो : BCCI Twitter
न्यूजीलैंड में खेलने का अनुभव आएगा काम
29 वर्षीय ऋषभ पंत के पास न्यूजीलैंड में टेस्ट क्रिकेट खेलने का अनुभव भी है। वह 2020 में भारतीय टीम के न्यूजीलैंड दौरे का हिस्सा थे। मौजूदा भारतीय टेस्ट टीम में वह उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें वहां खेलने का अनुभव हासिल है।
ऋषभ पंत
- फोटो : IANS
टेस्ट क्रिकेट में शानदार है पंत का रिकॉर्ड
ऋषभ पंत ने अब तक भारत के लिए 52 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 21 अर्धशतक निकले हैं। उनका टेस्ट बल्लेबाजी औसत 43 से अधिक का रहा है। पंत ने SENA देशों (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया है। वह ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट शतक लगा चुके हैं। पंत की वापसी से भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अब सभी की निगाहें बुधवार को होने वाले उनके दूसरे मैच सिमुलेशन राउंड और फिटनेस क्लीयरेंस पर टिकी हैं।