फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

RCB Road To Final: रजत पाटीदार की टीम खिताब बचाने से सिर्फ एक जीत दूर; यहां देखें फाइनल तक आरसीबी का दमदार सफर

Sun, 31 May 2026 08:32 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, अहमदाबाद

सार

आईपीएल 2025 में पहली बार चैंपियन बनने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2026 में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा। रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम लीग चरण में शीर्ष पर रही और क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर फाइनल में पहुंची। अब आरसीबी लगातार दूसरा खिताब जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है।
विज्ञापन
आईपीएल 2026 - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

18 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद 2025 में पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की ट्रॉफी उठाने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अगले ही सीजन में साबित कर दिया कि उनका खिताब जीतना कोई संयोग नहीं था। कप्तान रजत पाटीदार की अगुआई में टीम ने आईपीएल 2026 में सबसे निरंतर और संतुलित प्रदर्शन किया और फाइनल में जगह बनाकर लगातार दूसरे खिताब की दावेदारी मजबूत कर दी। विराट कोहली के लिए 2025 का खिताब वर्षों के इंतजार और निराशा का अंत था। लेकिन ट्रॉफी जीतने के बाद टीम की भूख कम नहीं हुई। इसके उलट आरसीबी और अधिक मजबूत, शांत तथा परिपक्व नजर आई।

आईपीएल इतिहास में पहली बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में उतरी आरसीबी ने दबाव को शानदार तरीके से संभाला। टीम ने लीग चरण में 14 में से नौ मुकाबले जीतकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और फिर क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल का टिकट कटाया। अब अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में एक बार फिर उसका सामना गुजरात टाइटंस से होगा।

विज्ञापन


आईपीएल में आरसीबी का हर सीजन में प्रदर्शन

सीजन कप्तान प्रदर्शन / नतीजा
2008 राहुल द्रविड़ 7वां स्थान
2009 अनिल कुंबले उपविजेता
2010 अनिल कुंबले तीसरा स्थान
2011 डेनियल विटोरी उपविजेता
2012 डेनियल विटोरी / विराट कोहली 5वां स्थान
2013 विराट कोहली 5वां स्थान
2014 विराट कोहली 7वां स्थान
2015 विराट कोहली क्वालिफायर-2 में हार
2016 विराट कोहली उपविजेता
2017 विराट कोहली 8वां स्थान
2018 विराट कोहली छठा स्थान
2019 विराट कोहली 8वां स्थान
2020 विराट कोहली एलिमिनेटर में हार
2021 विराट कोहली एलिमिनेटर में हार
2022 फाफ डुप्लेसिस क्वालिफायर-2 में हार
2023 फाफ डु प्लेसिस छठा स्थान
2024 फाफ डु प्लेसिस एलिमिनेटर में हार
2025 रजत पाटीदार चैंपियन
2026 रजत पाटीदार फाइनल में

धमाकेदार शुरुआत ने तय कर दी टीम की दिशा
आरसीबी ने अपने अभियान की शुरुआत सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ छह विकेट की शानदार जीत से की। बेंगलुरु में खेले गए सीजन के पहले मुकाबले में हैदराबाद ने 201/9 का बड़ा स्कोर बनाया, लेकिन आरसीबी ने इस लक्ष्य को 16वें ओवर में ही हासिल कर लिया। विराट कोहली ने 38 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाकर जीत की नींव रखी।इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ दक्षिण भारतीय डर्बी में आरसीबी ने अपनी ताकत का एक और नमूना पेश किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 250/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया। टिम डेविड ने सिर्फ 25 गेंदों में नाबाद 70 रन बनाए। जवाब में सीएसके 207 रन ही बना सकी और आरसीबी ने 43 रन से मुकाबला जीत लिया।

वैभव सूर्यवंशी - फोटो : ANI

वैभव सूर्यवंशी ने दिया पहला झटका
आरसीबी को सीजन की पहली हार राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में मिली। बेंगलुरु ने एक बार फिर 200 से ज्यादा रन बनाए, लेकिन 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने 26 गेंदों पर 78 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया। राजस्थान ने लक्ष्य दो ओवर शेष रहते हासिल कर लिया। हालांकि इस हार का टीम की लय पर कोई असर नहीं पड़ा।

मुंबई और लखनऊ पर लगातार जीत
हार के बाद आरसीबी ने शानदार वापसी की और लगातार दो मुकाबले जीते। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस के खिलाफ टीम ने 240/4 का स्कोर बनाया और फिर मुंबई को 225/5 पर रोक दिया। लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ टीम ने गेंदबाजी में दम दिखाया और विपक्षी टीम को 146 रन पर समेट दिया। इन जीतों ने न सिर्फ अंक तालिका में RCB की स्थिति मजबूत की बल्कि नेट रन रेट भी बेहतर किया, जिसने बाद में अहम भूमिका निभाई।

लड़खड़ाई, पर चैंपियन जैसी वापसी
दिल्ली कैपिटल्स ने बेंगलुरु में आखिरी ओवर के रोमांचक मुकाबले में RCB को हराकर उसे पहली घरेलू हार दी। लेकिन डिफेंडिंग चैंपियन ने एक बार फिर दमदार जवाब दिया। गुजरात टाइटंस के खिलाफ 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य हासिल करने के बाद आरसीबी ने दिल्ली को उसके घर में सिर्फ 75 रन पर समेट दिया। जोश हेजलवुड ने 4/12 की घातक गेंदबाजी की। आरसीबी ने लक्ष्य केवल 6.3 ओवर में हासिल कर नेट रन रेट को बड़ा फायदा पहुंचाया।

लगातार दो हार से बढ़ा दबाव
इसके बाद आरसीबी के लिए सबसे मुश्किल दौर आया। गुजरात टाइटंस ने अहमदाबाद में उसे 155 रन पर रोककर आसानी से मुकाबला जीत लिया। वहीं बारिश से प्रभावित मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ संशोधित 213 रन का लक्ष्य आरसीबी हासिल नहीं कर सकी। उस समय टीम के 10 मैचों में छह जीत थीं और प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे कम से कम दो और जीत की जरूरत थी।

आईपीएल 2026 फाइनल तक आरसीबी का सफर

खिलाफ नतीजा
सनराइजर्स हैदराबाद आरसीबी 6 विकेट से जीती
चेन्नई सुपर किंग्स आरसीबी 43 रन से जीती
राजस्थान रॉयल्स आरआर 6 विकेट से जीती
मुंबई इंडियंस आरसीबी 18 रन से जीती
लखनऊ सुपर जाएंट्स आरसीबी 5 विकेट से जीती
दिल्ली कैपिटल्स दिल्ली 6 विकेट से जीती
गुजरात टाइटंस आरसीबी 5 विकेट से जीती
दिल्ली कैपिटल्स आरसीबी 9 विकेट से जीती
गुजरात टाइटंस गुजरात 4 विकेट से जीती
लखनऊ सुपर जाएंट्स एलएसजी 9 रन से जीती (DLS)
मुंबई इंडियंस आरसीबी 2 विकेट से जीती
कोलकाता नाइट राइडर्स आरसीबी 6 विकेट से जीती
पंजाब किंग्स आरसीबी 23 रन से जीती
सनराइजर्स हैदराबाद एसआरएच 55 रन से जीती
गुजरात टाइटंस आरसीबी 92 रन से जीती
गुजरात टाइटंस खेला जाना बाकी

आईपीएल 2026 - फोटो : ANI

दबाव में निखरी आरसीबी
यहीं से चैंपियन टीम का असली चरित्र सामने आया। आरसीबी ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर न सिर्फ प्लेऑफ में जगह बनाई बल्कि शीर्ष स्थान भी लगभग सुनिश्चित कर लिया। रायपुर में मुंबई इंडियंस को आखिरी गेंद पर हराने के बाद टीम ने कोलकाता नाइट राइडर्स को मात देकर प्लेऑफ का टिकट पक्का किया। इसके बाद धर्मशाला में पंजाब किंग्स पर 23 रन की जीत ने उसे तालिका के शीर्ष पर मजबूत कर दिया। हालांकि लीग चरण के अंतिम मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने RCB को 55 रन से हराया, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण RCB 18 अंकों के साथ शीर्ष पर रही। गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद के भी 18 अंक थे, लेकिन नेट रन रेट में आरसीबी आगे रही।

क्वालिफायर-1 में रजत पाटीदार का कप्तानी वाला कमाल
गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालिफायर-1 में आरसीबी ने सीजन का शायद सबसे संपूर्ण प्रदर्शन किया। कप्तान रजत पाटीदार ने 33 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें नौ छक्के शामिल थे। उनकी कप्तानी पारी की बदौलत RCB ने 254/5 का विशाल स्कोर बनाया। इसके बाद गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात को 162 रन पर समेट दिया और 92 रन की बड़ी जीत दर्ज की। यह आरसीबी का पांचवां आईपीएल फाइनल होगा।

RCB की सफलता के तीन बड़े कारण
 

  • बल्लेबाजी पूरे सीजन आक्रामक और निडर रही।
  • गेंदबाजों ने अहम मौकों पर मैच जिताऊ प्रदर्शन किया।
  • रजत पाटीदार की कप्तानी दबाव में बेहद शांत और प्रभावी रही।


इन्हीं कारणों से आरसीबी पूरे सीजन की सबसे संतुलित और निरंतर टीम बनकर उभरी है।

विज्ञापन

IPL 2026 में आरसीबी के शीर्ष पांच बल्लेबाज

खिलाड़ी मैच रन सर्वोच्च स्कोर औसत स्ट्राइक रेट शतक/अर्धशतक
विराट कोहली 15 600 105 50.00 164.38 1/4
रजत पाटीदार 14 486 93 44.18 196.76 0/5
देवदत्त पडिक्कल 14 463 61 35.62 170.84 0/3
टिम डेविड 15 281 70* 35.13 193.79 0/1
क्रुणाल पंड्या 15 225 73 45.00 147.05 0/1

IPL 2026 में आरसीबी के शीर्ष पांच गेंदबाज
खिलाड़ी मैच विकेट सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन औसत इकोनॉमी
भुवनेश्वर कुमार 15 26 4/23 18.15 8.00
रसिख डार 11 16 4/24 23.62 9.73
क्रुणाल पंड्या 15 13 2/16 30.92 8.64
जोश हेजलवुड 12 13 4/12 35.15 9.62
सुयश शर्मा 12 9 2/47 41.77 9.20

अब आरसीबी के सामने इतिहास रचने का मौका है। 2025 में पहली बार चैंपियन बनने वाली यह टीम 2026 में लगातार दूसरा खिताब जीतकर खुद को आईपीएल की नई ताकत के रूप में स्थापित करना चाहेगी। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस इस सपने को तोड़ने की कोशिश करेगी। ऐसे में अहमदाबाद का फाइनल मुकाबला सीजन का सबसे बड़ा आकर्षण बनने जा रहा है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें