भारत के महान बल्लेबाजों में शुमार राहुल द्रविड़ के बेटे समित द्रविड़ इन दिनों खूब चर्चा में हैं। वजह है केएससीए टी20 ट्रॉफी में उनकी शानदार बल्लेबाजी। इस टूर्नामेंट के दौरान उनकी एक पारी का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने मैदान के चारों ओर बेहतरीन शॉट्स लगाए। इसके बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर उन्हें 360 डिग्री प्लेयर कहकर पुकारना शुरू कर दिया है। 20 वर्षीय समित ने मैदान के हर कोने में आकर्षक शॉट लगाए, जिसके बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
360 डिग्री बल्लेबाजी का वीडियो हुआ वायरल
एक जुलाई को केएससीए टी20 ट्रॉफी में कल्याणी बेंगलुरु ब्लास्टर्स और हुबली टाइगर्स के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच में समित द्रविड़ ने 23 गेंदों पर 32 रन बनाए, जिसमें छह शानदार चौके शामिल रहे। उन्होंने बैकफुट कट, पुल शॉट, कवर ड्राइव और लॉफ्टेड ड्राइव जैसे कई आकर्षक शॉट खेले। उनकी टाइमिंग और शॉट चयन ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
70 रन की साझेदारी से टीम को दिलाई मजबूत शुरुआत
समित ने रोहन पाटिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 70 रन की अहम साझेदारी की। इसके बाद रोहन पाटिल ने 38 गेंदों पर 64 रन और प्रवीण दुबे ने 28 गेंदों पर 51 रन बनाकर टीम को 20 ओवर में 203/7 के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। अंत में शिवराज ने केवल 7 गेंदों में 23 रन बनाकर तेजी से रन जोड़े।
रोमांचक मुकाबले में दो रन से मिली जीत
204 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हुबली टाइगर्स ने आखिरी गेंद तक मुकाबला जीवंत रखा। मानवंथ कुमार ने सिर्फ 22 गेंदों में 60 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि शिवकुमार रक्षित ने 41 और अनीश्वर गौतम ने 34 रन बनाए। हालांकि बेंगलुरु ब्लास्टर्स ने दबाव में शानदार गेंदबाजी की और 2 रन से रोमांचक जीत दर्ज की। निशचित राव ने 3 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
पॉइंट्स टेबल में मजबूत हुई स्थिति
यह बेंगलुरु ब्लास्टर्स की सात मैचों में छठी जीत रही। टीम के अब 12 अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर मजबूती से बनी हुई है। दूसरी ओर, हुबली टाइगर्स को इस सीजन की तीसरी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि समित द्रविड़ की पारी बहुत बड़ी नहीं थी, लेकिन जिस आत्मविश्वास और तकनीक के साथ उन्होंने बल्लेबाजी की, उसने क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान जरूर खींचा। अगर वह इसी तरह लगातार प्रदर्शन करते रहे तो भविष्य में उन्हें बड़े मंच पर देखने की उम्मीद की जा सकती है।