यदि किसी देश के खिलाड़ी को सात बार मैन ऑफ द सीरीज का खिताब मिले और 6 बार किसी एक खिलाड़ी को यह पुरस्कार मिले तो इसे आप क्या कहेंगे? इसे करिश्मा ही कहा जाएगा यदि एक खिलाड़ी बार-बार खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित करे। जो कारनामा 84 साल के भारतीय क्रिकेट में कोई नहीं कर पाया वह कारनामा आर अश्विन ने अपने 5 साल लंबे टेस्ट करियर में कर दिखाया है। भारतीय खिलाड़ी द्वारा जीते गए पिछले सात मैन ऑफ द सीरीज पुरस्कार में से 6 अश्विन ने जीते हैं एक बार यह पुरस्कार रोहित शर्मा को मिला है।
अश्विन से पहले सबसे ज्यादा मैन ऑफ द सीरीज पुरस्कार जीतने का भारतीय रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग के नाम दर्ज था। अश्विन नें पिछले साल दिसंबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू सीरीज में पांचवां मैन ऑफ द सीरीज खिताब हासिल किया था। अश्विन ने टेस्ट करियर में अब तक मजह 13 सीरीज में 36 टेस्ट मैच खेले हैं उनमें से 6 बार मैन ऑफ द सीरीज बनना एक बड़ी उपलब्धि है क्योंकि सचिन तेंदुलकर ने 74 सीरीज में 200 टेस्ट मैच खेलकर और सहवाग ने 39 सीरीज में 104 टेस्ट खेलकर पांच-पांच बार सीरीज के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए थे।