फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

WTC फाइनल के लिए भारत को क्या करना होगा?: मोर्कल ने सिराज-बुमराह से इस चुनौती से निपटने को कहा; और क्या बोले?

Wed, 18 Nov 2026 01:19 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, वेलिंगटन

सार

डब्ल्यूटीसी फाइनल की दौड़ में भारत फिलहाल चौथे स्थान पर है। न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट से पहले गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने टीम को एक खास संदेश दिया है। उन्होंने बताया कि भारतीय गेंदबाजों को किन चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा और कहां छोटी सी चूक टीम पर भारी पड़ सकती है।
विज्ञापन
भारत-न्यूजीलैंड पहला टेस्ट कल से - फोटो : ANI/ICC
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज सिर्फ एक द्विपक्षीय मुकाबला नहीं है, यह आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 के फाइनल की दौड़ में भारत के लिए अपनी स्थिति मजबूत करने का बड़ा मौका भी है। फिलहाल न्यूजीलैंड अंक तालिका में शीर्ष पर है, जबकि भारतीय टीम चौथे स्थान पर है। ऐसे में भारत के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने टीम को फाइनल तक पहुंचने का एक अहम मंत्र दिया है। उनका मानना है कि भारतीय खिलाड़ियों को अब अपने सहज दायरे से बाहर निकलकर ज्यादा मेहनत करनी होगी। जरूरत पड़ने पर तेज गेंदबाजों को अतिरिक्त ओवर करने और मुश्किल परिस्थितियों में भी टीम के लिए जिम्मेदारी उठाने को तैयार रहना होगा।

विज्ञापन

 

 


 

Trending Videos

'फाइनल में पहुंचना है तो आराम के दायरे से बाहर निकलना होगा'
मोर्कल ने कहा कि भारत को डब्ल्यूटीसी फाइनल में जगह बनाने के लिए अब खुद को पहले से ज्यादा चुनौती देनी होगी। टीम को ऐसे काम करने के लिए तैयार रहना होगा, जो शायद उसने पहले नहीं किए हैं। उन्होंने खास तौर पर तेज गेंदबाजों के लंबे स्पेल और अतिरिक्त ओवर करने की जिम्मेदारी का जिक्र किया।

मोर्कल ने कहा, ‘फाइनल में पहुंचने के लिए हमें अब खुद को थोड़ा और आगे बढ़ाना होगा। हमें अपने सहज दायरे से बाहर निकलकर ऐसी स्थिति में जाना होगा, जहां शायद हम पहले कभी नहीं गए हैं। अगर किसी मौके पर टीम को जरूरत हो कि कोई गेंदबाज दो या तीन ओवर अतिरिक्त करे, हवा के विपरीत गेंदबाजी करे और मुश्किल जिम्मेदारी निभाए, तो हमें इसके लिए तैयार रहना होगा।’ उनके इस बयान से साफ है कि न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय गेंदबाजों की फिटनेस, धैर्य और टीम के लिए अतिरिक्त मेहनत करने की क्षमता अहम रहने वाली है।
 

गेंदबाजी संयोजन को लेकर मोर्कल को पूरा भरोसा
सीरीज से पहले भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी संयोजन को लेकर भी चर्चा है। जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा के अलावा मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और हाल ही में टीम में शामिल किए गए गुरनूर बराड़ जैसे विकल्प मौजूद हैं। ऐसे में प्लेइंग-11 चुनना टीम प्रबंधन के लिए चुनौती हो सकता है। हालांकि, मोर्कल को उपलब्ध गेंदबाजों की क्वालिटी पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि टीम जिस भी गेंदबाजी आक्रमण के साथ उतरेगी, उसमें 20 विकेट लेने की क्षमता है।

उन्होंने कहा, ‘गौतम (गंभीर) को मेरा फीडबैक यही था कि इस दौरे पर हम जिस भी गेंदबाजी आक्रमण के साथ उतरेंगे, हमारे पास 20 विकेट लेने के लिए पर्याप्त क्षमता है। मुझे इस पर भरोसा है। हर गेंदबाज में अलग तरह की खूबी है और सभी कुशल हैं। मेरा मानना है कि सभी खेलने के लिए तैयार हैं।’ मोर्कल ने सिराज को विश्वस्तरीय प्रदर्शन करने वाला गेंदबाज बताया। उन्होंने कहा कि जब भी सिराज को भारतीय टीम की जर्सी में मौका मिला है, उन्होंने खुद को साबित किया है।
 

वेलिंगटन की हवा और न्यूजीलैंड का निचला क्रम भी चुनौती
न्यूजीलैंड दौरे पर वेलिंगटन की तेज हवाएं भी भारतीय गेंदबाजों के लिए चुनौती बन सकती हैं। मोर्कल के मुताबिक, दोनों टीमों को इन परिस्थितियों का सामना करना होगा। ऐसे में खिलाड़ियों को मजबूत मानसिकता के साथ मैदान पर उतरना होगा। उन्होंने कहा कि किसी एक छोर से गेंदबाज को जिम्मेदारी उठानी होगी और खिलाड़ियों की बॉडी लैंग्वेज ऐसी होनी चाहिए कि वे लगातार गेंदबाजी करने के लिए तैयार दिखें।

इसके अलावा मोर्कल ने न्यूजीलैंड के निचले क्रम को भी भारत के लिए अहम चुनौती बताया। उनका मानना है कि निचले क्रम के बल्लेबाज छोटी-छोटी साझेदारियां करके टेस्ट मैच का रुख बदल सकते हैं। भारतीय गेंदबाजों को उन्हें हल्के में लेने के बजाय शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की तरह ही विकेट लेने की कोशिश जारी रखनी होगी।

उन्होंने कहा, ‘टेस्ट मैच जीतने के लिए पूरी टीम को आउट करना जरूरी है। हम निचले क्रम के बल्लेबाजों का हमेशा सम्मान करते हैं और उनके खिलाफ काफी काम भी करते हैं। न्यूजीलैंड के निचले क्रम में ऐसे खिलाड़ी हैं, जो छोटी-छोटी साझेदारियां कर सकते हैं। हमारे लिए यह समझना जरूरी है कि हमें शीर्ष क्रम के विकेट लेने वाली रणनीति पर ही कायम रहना होगा।’
 

धीमी ओवर गति से अंक गंवाने का जोखिम नहीं लेना चाहता भारत
मोर्कल ने धीमी ओवर गति को लेकर भी भारतीय टीम को सतर्क किया। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूटीसी में भारत किसी भी तरह से अंक गंवाने का जोखिम नहीं उठा सकता। इसके लिए सिर्फ गेंदबाजों ही नहीं, बल्कि कप्तान और पूरी फील्डिंग यूनिट को जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि हम धीमी ओवर गति के कारण कोई अंक गंवाने का जोखिम उठा सकते हैं। गेंदबाजों, कप्तान और पूरी टीम को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। चाहे तेजी से अपने मार्क पर लौटना हो या कुछ और करना हो, टीम को पेनल्टी से बचाने के लिए सभी को योगदान देना होगा।’
विज्ञापन

पिछले नतीजों की निराशा पीछे छोड़ना चाहता है भारत
मोर्कल ने स्वीकार किया कि हाल के टेस्ट नतीजों से भारतीय ड्रेसिंग रूम में निराशा रही है। उनके मुताबिक, टीम कुछ अहम खिलाड़ियों के जाने के बाद अपनी लय तलाश रही थी। हालांकि, आगामी दो टेस्ट को लेकर खिलाड़ियों के बीच बातचीत सकारात्मक रही है। उन्होंने कहा कि टीम को पता है कि वह इससे बेहतर क्रिकेट खेल सकती है और अगले 10 से 13 दिनों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए सभी में मजबूत इच्छाशक्ति है। भारत ने डब्ल्यूटीसी के पहले दो फाइनल खेले थे और अब 2027 में द ओवल में होने वाले फाइनल में वापसी करना चाहेगा। इसके लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट भारत के अभियान में अहम साबित हो सकते हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें