पाकिस्तान टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान मिस्बाह उल हक ने गुरुवार को संन्यास की घोषणा कर दी है। 42 वर्षीय मिस्बाह वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी सीरिज खेलेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन शहरयार खान ने इसकी पुष्टि की है।
मिस्बाह उल हक पाकिस्तान के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में शामिल हैं। उनके नेतृत्व में पाकिस्तानी टेस्ट टीम आआईसीसी टेस्ट रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची थी। बताते चलें कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम को टेस्ट मैच में लगातार छह सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। इसके बाद से मिस्बाह की आलोचना हो रही थी और उनकी कप्तानी पर सवाल उठ रहे थे।
एक कार्यक्रम में मिस्बाह ने कहा था कि पाकिस्तान सुपर लीग के बाद वह अपने भविष्य के बारे में फैसला लेंगे। मिस्बाह इंग्लैंड में शतक के बाद अपने अनोखे सेलिब्रेशन के लिए चर्चाओं में रहे थे।