कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में एक तरफ भारतीय टीम के गुरुवार को 500वें मैच का जश्न चल रहा था तो दूसरी ओर टीम के कोच और पूर्व कप्तान अनिल कुंबले के सामान गायब होने पर हड़कंप मचा हुआ था। उनका मोबाइल और चश्मा गायब हो गया था। स्टेडियम में मौजूद पुलिस व क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारी सभी हैरान थे। सभी खोजबीन में जुटे थे। घंटों बाद मामला कुछ और ही निकला। कुंबले अपना चश्मा और मोबाइल कुर्सी पर ही भूल गए थे और वहां से उठकर वह समारोह में शामिल हो गए। कुछ देर बाद जब उन्हें याद आया तो वह परेशान हो गए। यह बात सिक्योरिटी ऑफिसर्स से बताई तो पूरे ग्राउंड में अनिल कुंबले के सामान गायब होने की खबर फैल गई। खैर, करीब दो घंटे बाद एक युवक उनका चश्मा और मोबाइल लेकर उनके पास आया तो उन्होंने राहत की सांस ली। इस बात की जानकारी यूपीसीए के सचिव राजीव शुक्ला ने दी। उन्होंने बताया कि कुंबले अपना चश्मा और मोबाइल कुर्सी पर ही भूल गए थे, जो उन्हें बाद में मिल गया था।