श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज क्रिकेटर कुमार संगकारा ने आयरलैंड के डबलिन एयरपोर्ट पर एयरलाइन कर्मचारियों पर नस्लीय भेदभाव करने का आरोप लगाया है। संगकारा के मुताबिक, रायनएयर (Ryanair) के गेट कर्मचारियों ने उनके और उनके परिवार के साथ अपमानजनक और धमकी भरा व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों ने उनके पासपोर्ट को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की। सोशल मीडिया पर एक यूजर के साथ बहस के दौरान संगकारा ने इस पूरे अनुभव को नस्लीय भेदभाव बताया।
संगकारा और उनकी पत्नी येहाली
- फोटो : Twitter/ICC
संगकारा ने सोशल मीडिया पर बयां किया अनुभव
दरअसल, संगकारा ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने रायनएयर को टैग करते हुए लिखा कि डबलिन एयरपोर्ट पर उन्हें और उनके परिवार को कर्मचारियों के भेदभावपूर्ण व्यवहार का सामना करना पड़ा। उन्होंने लिखा, 'क्या किसी और को भी डबलिन में रायनएयर के गेट कर्मचारियों के भेदभावपूर्ण व्यवहार का अनुभव हुआ है? अभी मेरे और मेरे परिवार के साथ ऐसा ही हुआ और यह चौंकाने वाला था। बातचीत का लहजा, प्रक्रिया को गलत तरीके से संभालना और धमकी भरा व्यवहार। किसी भी यात्री के साथ ऐसा बर्ताव अस्वीकार्य है। डबलिन में यह मेरा पहला खराब अनुभव है।'
संगकारा और उनकी पत्नी येहाली और उनके बच्चे
- फोटो : Twitter/ICC
पासपोर्ट को लेकर की गई टिप्पणी से भड़के संगकारा
इसके बाद संगकारा की पोस्ट पर एक सोशल मीडिया यूजर ने उन्हें ही निशाने पर लेते हुए कहा कि सभी के साथ समान व्यवहार करना भेदभाव नहीं है। यूजर ने आरोप लगाया कि शायद संगकारा विशेष सुविधाओं के आदी हैं और उन्हें सामान्य व्यवहार पसंद नहीं आया। इस पर संगकारा ने तीखा जवाब दिया। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने उनके पासपोर्ट को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
संगकारा ने लिखा, 'जब आपसे कहा जाए कि आपके जैसे पासपोर्ट वाले लोगों को इसी तरह के व्यवहार की उम्मीद करनी चाहिए और अगर हम इस स्पष्ट रूप से घृणित टिप्पणी का विरोध करते हैं, तो हमें दूसरे यात्रियों के लिए खतरा मानकर विमान में चढ़ने नहीं दिया जाएगा, तो यह सभी के साथ समान व्यवहार करना नहीं है। यह नस्लवाद है।'
संगकारा और उनकी पत्नी येहाली
- फोटो : Twitter/ICC
पश्चिमी देशों में भेदभाव का सामना करने की बात
इस चर्चा में WSO2 के सीईओ संजीवा वीरवारण ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने संगकारा की पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें पश्चिमी देशों के हर हिस्से में भेदभाव का सामना करना पड़ा है। इस पर संगकारा ने जवाब दिया, 'जब आप खुद इस तरह के अनुभव से गुजरते हैं, तो यह काफी झकझोर देने वाला होता है।' बता दें कि रायनएयर आयरलैंड की एक एयरलाइन है, जिसका मुख्यालय डबलिन के पास स्वॉर्ड्स में है। यह यूरोप की प्रमुख कम लागत वाली एयरलाइनों में शामिल है।