इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन की राष्ट्रीय टीम में 12 साल बाद वापसी हुई है। पीटरसन अब इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम में मेंटर की भूमिका निभाएंगे। हालांकि, उनकी इस नई जिम्मेदारी के ऐलान के बाद भारत के स्टार बल्लेबाज केएल राहुल ने सोशल मीडिया पर ऐसा कमेंट किया, जिसने क्रिकेट फैंस का ध्यान खींच लिया।
पीटरसन के पोस्ट पर राहुल का मजेदार कमेंट
पीटरसन और राहुल पिछले सीजन आईपीएल फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स में एक साथ काम कर चुके हैं। पीटरसन दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर थे, लेकिन अब उन्होंने इंग्लैंड की राष्ट्रीय टीम के साथ नई जिम्मेदारी संभाल ली है। इंग्लैंड क्रिकेट ने पीटरसन की नियुक्ति को लेकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया। इसी पोस्ट पर राहुल ने पीटरसन की टांग खींचते हुए लिखा, 'क्या पैकेज में मालदीव की छुट्टी भी शामिल है? केविन पीटरसन?' राहुल के इस कमेंट पर पीटरसन भी अपनी हंसी नहीं रोक सके और उन्होंने हंसने वाले इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। दिल्ली कैपिटल्स ने भी इस सोशल मीडिया मजाक में हिस्सा लेते हुए पीटरसन से पूछा, 'मेंटर क्या होता है?'
पीटरसन और केएल राहुल
- फोटो : BCCI
मालदीव से जुड़ा है पूरा किस्सा
राहुल का मालदीव वाला कमेंट आईपीएल 2025 से जुड़ा है। उस सीजन दिल्ली कैपिटल्स की टीम आईपीएल के बीच में कुछ दिनों के लिए मालदीव गई थी। उस दौरान पीटरसन भी टीम के साथ मौजूद थे। इसी वजह से इंग्लैंड के साथ पीटरसन की नई भूमिका पर राहुल ने मालदीव की छुट्टी का जिक्र करते हुए मजाक किया। इस कमेंट ने सोशल मीडिया पर क्रिकेट फैंस को खूब हंसाया।
12 साल बाद इंग्लैंड टीम में वापसी
पीटरसन अब ब्रेंडन मैकुलम के नेतृत्व वाले इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल कोचिंग सेटअप का हिस्सा होंगे। वह इस महीने के अंत में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली वाइटैलिटी आईटी20 और मेट्रो बैंक वनडे सीरीज के दौरान टीम के साथ जुड़ेंगे। इंग्लैंड के कोचिंग स्टाफ में मार्कस ट्रेस्कोथिक, टिम साउदी, जीतन पटेल और सारा टेलर भी शामिल हैं। पीटरसन सर्दियों में ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल दौरों में भी टीम के साथ काम करेंगे। इसके बाद वह अगले साल गर्मियों में पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान भी टीम से जुड़ेंगे। उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी 2027 आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप के दौरान होगी, जो दक्षिण अफ्रीका में खेला जाएगा।
पीटरसन और केएल राहुल
- फोटो : PTI
विश्व कप जीतने में मदद करना चाहते हैं पीटरसन
विशेषज्ञ मेंटर नियुक्त किए जाने के बाद पीटरसन ने इंग्लैंड टीम के साथ दोबारा जुड़ने को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा, 'मुझे बेहद गर्व है कि मुझे दक्षिण अफ्रीका में विश्व कप जीतने के सफर में इस टीम की मदद करने के लिए कहा गया है। 2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड की पोशाक पहनना मेरे लिए बेहद सम्मान और बहुत खास पल है।'
पीटरसन ने इंग्लैंड की मौजूदा व्हाइट-बॉल टीम की तारीफ करते हुए कहा, 'हमारे पास बेहद प्रतिभाशाली व्हाइट-बॉल टीम है और मैं इन खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरकर कड़ी मेहनत करने तथा उनकी क्षमता को अधिकतम करने के लिए उत्साहित हूं। अगले 12 महीनों तक ब्रेंडन के विचार-विमर्श वाले समूह का हिस्सा बनना शानदार अवसर है और मैं शुरुआत करने का इंतजार नहीं कर सकता।' पीटरसन की वापसी से इंग्लैंड को उम्मीद है कि उनका अनुभव टीम को 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों में मदद करेगा। वहीं, राहुल का मजेदार कमेंट पीटरसन के साथ उनकी पुरानी आईपीएल साझेदारी और दोस्ताना अंदाज की झलक दिखाता है।