फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IPL 2027: पंत को LSG से निकाला गया? फिर ट्रोल हुए संजीव गोयनका; पुराना वीडियो हो रहा वायरल, लोग उड़ा रहे मजाक

Tue, 23 Jun 2026 02:40 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

ऋषभ पंत की दिल्ली कैपिटल्स में वापसी और कुलदीप यादव के लखनऊ सुपर जायंट्स में जाने के बाद सोशल मीडिया पर एलएसजी मालिक संजीव गोयनका एक बार फिर निशाने पर आ गए हैं। फैंस उनके पुराने वीडियो शेयर कर रहे हैं, जिनमें उन्होंने पंत को अगले 10-15 साल तक लखनऊ का चेहरा बताया था।
विज्ञापन
पंत और गोयनका - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आईपीएल इतिहास के सबसे बड़े ट्रेड्स में से एक के तहत ऋषभ पंत दिल्ली कैपिटल्स में लौट आए हैं, जबकि कुलदीप यादव अब लखनऊ सुपर जाएंट्स की जर्सी में नजर आएंगे। इस हाई-प्रोफाइल अदला-बदली के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका ट्रोल्स के निशाने पर आ गए हैं। फैंस उनके पुराने इंटरव्यू और पॉडकास्ट क्लिप्स शेयर करते हुए सवाल उठा रहे हैं कि जिस खिलाड़ी को कभी फ्रेंचाइजी का भविष्य बताया गया था, वह सिर्फ दो सीजन बाद टीम से अलग कैसे हो गया।
विज्ञापन


पंत ने 2016 से 2024 तक दिल्ली कैपिटल्स के लिए 111 मैच खेले थे और फ्रेंचाइजी के सबसे बड़े चेहरों में शामिल रहे। आईपीएल 2025 की नीलामी में लखनऊ ने उन्हें रिकॉर्ड 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस समय यह आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी बोली थी। अब ट्रेड के बाद वह 15 करोड़ रुपये की सैलरी पर फिर दिल्ली लौट रहे हैं।
 
Trending Videos

ऋषभ पंत और संजीव गोयनका - फोटो : ANI
10-15 साल के विजन वाला वीडियो फिर वायरल
पंत की वापसी के बाद फैंस संजीव गोयनका का वह पुराना इंटरव्यू शेयर कर रहे हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि ऋषभ पंत अगले 12 से 14 साल तक लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए खेल सकते हैं। गोयनका ने तब कहा था, '10 साल बाद लोग सबसे सफल कप्तानों की बात करेंगे तो माही, रोहित और ऋषभ का नाम साथ लिया जाएगा।' उस समय फ्रेंचाइजी का विजन पंत को लंबे समय तक टीम का चेहरा बनाने का था। लेकिन दो सीजन बाद ही उनका लखनऊ से अलग होना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
 

संजीव गोयनका और ऋषभ पंत - फोटो : Twitter
27 करोड़ में खरीदा, फिर दो साल बाद अलग रास्ते
आईपीएल 2025 की मेगा नीलामी में लखनऊ ने पंत को अपनी पहली पसंद बनाया था। गोयनका ने कई इंटरव्यू में खुलकर कहा था कि टीम ने पहले से ही पंत के लिए 25 से 27 करोड़ रुपये का बजट अलग रखा था।
उन्होंने एक पॉडकास्ट में कहा था, 'हमें पता था कि हमें ऋषभ पंत के लिए जाना है। वह हमारे हर प्लान का हिस्सा थे।' इसी वजह से अब फैंस सवाल पूछ रहे हैं कि जिस खिलाड़ी को भविष्य का आधार बताया गया था, उसका अध्याय इतनी जल्दी क्यों समाप्त हो गया।

केएल राहुल के साथ भी उठे थे सवाल
यह पहली बार नहीं है जब लखनऊ और उसके कप्तान को लेकर चर्चाएं हुई हों। इससे पहले केएल राहुल के साथ भी रिश्तों में तनाव की खबरें सुर्खियों में रही थीं। आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ हार के बाद मैदान पर ही संजीव गोयनका और केएल राहुल के बीच हुई बातचीत काफी वायरल हुई थी। उस घटना के बाद राहुल की कप्तानी और भविष्य को लेकर लगातार अटकलें लगती रहीं। बाद में राहुल टीम से अलग हो गए और दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बने। अब पंत के दिल्ली लौटने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स दोनों मामलों की तुलना कर रहे हैं। फैंस का कहना है कि राहुल और पंत दोनों को कभी फ्रेंचाइजी का भविष्य बताया गया, लेकिन दोनों का सफर अपेक्षा से काफी जल्दी खत्म हो गया।
 

केएल राहुल और संजीव गोयनका - फोटो : IPL/BCCI
गोयनका ने एक और पॉडकास्ट में क्या कहा?
गोयनका का एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जो रणवीर अल्लाहबादिया पॉडकास्ट का है। यह पॉडकास्ट भी आईपीएल 2025 से पहले का बताया जा रहा है। इसमें गोयनका कहते हैं- मुझे ऑक्शन के दिन सुबह में, दो तीन क्रिकेट एक्सपर्ट्स का फोन आया। किसी ने कहा, आप युजवेंद्र चहल को ऑक्शन में खरीदें, किसी ने कहा आप जोस बटलर को ऑक्शन में खरीदें, पर किसी ने ये नहीं कहा कि आपको ऋषभ पंत के लिए जाना चाहिए। हमने तीन सीनैरियो कैलकुलेट किए और ऋषभ हमारे लिए तीनों सीनैरियो के लिए जरूरी थे। हमें पता था कि हमें ऋषभ के लिए जाना है। इसलिए हमने 25 से 27 करोड़ उनके लिए बचा रखे थे।' अब फैंस इस पर कमेंट कर रहे हैं कि जब एक्सपर्ट्स ने आपसे कहा था थो कुछ सोच समझकर ही कहा होगा।
 

लैंगर, संजीव गोयनका और ऋषभ पंत - फोटो : IPL/BCCI Screen Grab
10 साल को लेकर था विजन
वहीं, राज शमानी ने अपने पॉडकास्ट में गोयनका से पूछा था कि पंत को 27 करोड़ में क्यों खरीदा? इस पर गोयनका ने बताया, '2025 सीजन के लिए मेगा ऑक्शन में भारत के चार मैच विनर शामिल थे। पंत, श्रेयस, केएल राहुल और युजवेंद्र चहल। जब आप एक मेगा ऑक्शन में जाते हो तो भविष्य सोचकर जाते हो। आपको एक युवा कप्तान चाहिए, ताकि आप आगे के 10 साल का देख सको। आप एक एक्स-फैक्टर भी ढूंढते हो। ऋषभ में दोनों बातें हैं।' फैंस गोयनका को ट्रोल करते हुए कह रहे हैं कि 10-15 साल का विजन दो सीजन में ही खत्म हो गया। लखनऊ की टीम इस सीजन अंक तालिका में सबसे नीचे यानी 10वें स्थान पर रही। टीम ने 14 में से केवल चार मैच जीते। वहीं, आईपीएल 2025 में लखनऊ की टीम सातवें स्थान पर रही थी। तब उसने 14 में से छह मैच जीते थे। पंत का बल्ले से भी प्रदर्शन खराब रहा। उन्होंने आईपीएल 2025 में 14 मैचों में 269 रन बनाए थे। वहीं, इस सीजन वह 14 मैचों में 312 रन ही बना सके।
 

जहीर खान-संजीव गोयनका-ऋषभ पंत - फोटो : @LucknowIPL
क्या पंत को निकाला गया?
आधिकारिक तौर पर कहीं भी यह नहीं कहा गया है कि ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने बाहर कर दिया है। मौजूदा घटनाक्रम एक ट्रेड डील के तहत हुआ है, जिसमें दिल्ली और लखनऊ दोनों फ्रेंचाइजियों ने खिलाड़ियों की अदला-बदली पर सहमति जताई। हालांकि, सोशल मीडिया पर फैंस इसे अलग नजरिए से देख रहे हैं। उनका तर्क है कि जिस खिलाड़ी को रिकॉर्ड रकम देकर कप्तान बनाया गया और लंबे समय का चेहरा बताया गया, उसका सिर्फ दो सीजन बाद टीम बदलना कई सवाल छोड़ जाता है।
 
विज्ञापन

कुलदीप यादव और ऋषभ पंत - फोटो : BCCI
दिल्ली को मिला अपना पुराना कप्तान
दिल्ली कैपिटल्स के लिए यह सौदा भावनात्मक और रणनीतिक दोनों नजरिए से बड़ा माना जा रहा है। पंत ने अपने करियर का बड़ा हिस्सा दिल्ली में बिताया है और टीम के सबसे सफल चेहरों में गिने जाते हैं। दूसरी ओर, लखनऊ को कुलदीप यादव जैसा अनुभवी मैच-विनर स्पिनर मिला है, जिसने पिछले पांच सीजन में दिल्ली के लिए 72 विकेट लिए थे। आईपीएल 2027 से पहले हुए इस ट्रेड ने सिर्फ टीमों की तस्वीर नहीं बदली, बल्कि सोशल मीडिया पर पुराने वादों, वायरल वीडियो और कप्तानों के भविष्य को लेकर नई बहस भी छेड़ दी है। फिलहाल इतना तय है कि पंत की दिल्ली वापसी और गोयनका के पुराने बयान आने वाले दिनों में चर्चा का बड़ा विषय बने रहेंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें