लखनऊ सुपर जाएंट्स की हार के बाद पंत और गोयनका के बीच हुई बातचीत ने टीम के अंदरूनी माहौल को चर्चा में ला दिया है। खराब बल्लेबाजी हार की मुख्य वजह रही, जबकि गेंदबाजों ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया। अब सबकी नजर इस बात पर है कि यह मामला आगे कितना बढ़ता है और टीम मैनेजमेंट क्या रुख अपनाता है।
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) की हार के बाद कप्तान ऋषभ पंत और टीम के मालिक संजीव गोयनका के बीच हुई बातचीत ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट से हार के बाद मैदान पर दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। इस वीडियो में पंत काफी आक्रामक अंदाज में बातचीत करते नजर आए, वहीं हेड कोच जस्टिन लैंगर भी इस चर्चा में शामिल होते दिखे। फैंस ने तुरंत इसकी तुलना 2024 में केएल राहुल और गोयनका के बीच हुए चर्चित विवाद से कर दी। राहुल तब लखनऊ के कप्तान थे और अब बतौर बल्लेबाज दिल्ली कैपिटल्स की टीम से खेल रहे हैं। बुधवार को दिल्ली ने लखनऊ को छह विकेट से हरा दिया।
विज्ञापन
Trending Videos
संजीव गोयनका और ऋषभ पंत
- फोटो : Twitter
मैच का हाल: बल्लेबाजी रही फ्लॉप
लखनऊ की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 141 रन पर सिमट गई। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने यह लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। समीर रिज्वी और ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत दिलाई। लखनऊ की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी हुई नजर आई और कोई भी बड़ा साझेदारी नहीं बन सकी, जो हार की सबसे बड़ी वजह बनी।
पावरप्ले में गेंदबाजों ने दिखाया दम
हालांकि गेंदबाजी में लखनऊ ने शुरुआत अच्छी की। मोहम्मद शमी ने केएल राहुल को शून्य पर आउट कर शुरुआती झटका दिया। वहीं मोहसिन खान और प्रिंस यादव ने भी असरदार गेंदबाजी की। प्रिंस यादव ने अक्षर पटेल को शानदार गेंद पर बोल्ड कर मैच में रोमांच बनाए रखा, लेकिन कम स्कोर के कारण दबाव बनाए रखना मुश्किल हो गया।
हार के बाद क्या बोले कप्तान पंत
मैच के बाद पंत ने हार की वजह बताते हुए कहा, 'जब आप 140 रन बनाते हैं, तो आपको ज्यादा कोशिश करनी पड़ती है… अगर सामने वाली टीम सामान्य क्रिकेट खेलती है तो वो जीत जाती है।' उन्होंने आगे कहा, 'नई गेंद से मदद मिल रही थी, लेकिन हम साझेदारी नहीं बना सके। जब रन कम होते हैं, तो आपको अलग फैसले लेने पड़ते हैं।' अपनी बल्लेबाजी पर पंत ने साफ कहा, 'इससे उबरने का सबसे अच्छा तरीका है इसे नजरअंदाज करना… ज्यादा सोचने से आप बैकफुट पर आ जाते हैं।'
क्या राहुल जैसी स्थिति बनेगी?
सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की हो रही है कि क्या पंत का हाल भी केएल राहुल जैसा हो सकता है। 2024 में राहुल और गोयनका के बीच हुई बातचीत ने काफी विवाद खड़ा किया था, जिसके बाद कप्तानी को लेकर सवाल उठे थे। उस सीजन के बाद लखनऊ ने उन्हें रिलीज कर दिया था। हालांकि, फैंस का ये भी कहना है कि संजीव गोयनका यहां रिलैक्स्ड नजर आ रहे हैं और दोनों के बीच आम बातचीत हो रही है।