फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

LSG vs DC: लखनऊ पर जीत के साथ दिल्ली का शानदार आगाज, शुरुआती पांच मुकाबलों के बाद कैसा है अंक तालिका का हाल?

Wed, 01 Apr 2026 11:14 PM IST
Mayank Tripathi स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

दिल्ली कैपिटल्स ने बुधवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स को छह विकेट से हरा दिया। इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली ने 17.1 ओवर में 145 रन बनाए और मैच अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन
ट्रिस्टन स्टब्स-समीर रिजवी - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लुंगी एनगिडी और टी नटराजन की घातक गेंदबाजी के बाद समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जाएंट्स को छह विकेट से हराकर आईपीएल 2026 की अपनी पहली जीत दर्ज की। बुधवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ ने 18.4 ओवर में 10 विकेट पर 141 रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने 17.1 ओवर में चार विकेट पर 145 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन

समीर रिजवी-ट्रिस्टन स्टब्स - फोटो : IPL/BCCI
रिजवी और स्टब्स की शतकीय साझेदारी से जीती दिल्ली
142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली को पहली ही गेंद पर केएल राहुल (0) के रूप में झटका लगा। इसके बाद टीम ने 26 के स्कोर तक अपने चार विकेट खो दिए थे। इस बीच पथुम निसांका एक रन, नीतीश राणा 15 रन और कप्तान अक्षर पटेल खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए थे।

यहां से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 76 गेंदों में 119 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 17 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी। रिजवी 47 गेंदों में चार छक्कों और पांच चौकों के साथ 70 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि स्टब्स ने 39 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से प्रिंस यादव ने 20 रन देकर दो विकेट निकाले। मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को एक-एक विकेट हाथ लगा।

लखनऊ बनाम दिल्ली - फोटो : PTI
लखनऊ का निराशाजनक प्रदर्शन
इससे पहले लखनऊ की टीम 141 रन ही बना पाई थी। टीम को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में झटका लगा। इसके बाद मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम (11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की। मार्श ने टीम के खाते में 35 रन का योगदान दिया। टीम ने 71 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था। यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

अब्दुल समद 25 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद ने नाबाद 15 रन जुटाए। मुकुल ने टीम के खाते में 14 रन जोड़े। विपक्षी खेमे से लुंगी एनगिडी और टी नटराज ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव ने दो विकेट निकाले। एक विकेट अक्षर पटेल के नाम रहा।

आईपीएल 2026 के सभी कप्तान - फोटो : IPL/BCCI
कैसा है अंक तालिका का हाल?
इसी के साथ सभी टीमों का मौजूदा आईपीएल सत्र में एक-एक मुकाबला हो चुका है। शुरुआती पांच मैचों के बाद आईपीएल 2026 की अंक तालिका का हाल कैसा है? आइये जानते हैं...

आईपीएल के मौजूदा सीजन के शुरुआती पांच मुकाबलों के बाद अंक तालिका दिलचस्प हो गई है। सभी टीमों ने एक-एक मैच खेल लिया है, जिसके बाद राजस्थान रॉयल्स शीर्ष स्थान पर काबिज है। टीम ने अपना पहला मुकाबला जीतकर दो अंक हासिल किए हैं और उसका नेट रन रेट भी सबसे बेहतर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु दूसरे और दिल्ली कैपिटल्स तीसरे स्थान पर हैं, दोनों के खाते में भी 2-2 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर उनकी रैंकिंग तय हुई है। मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स भी जीत के साथ क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर मौजूद हैं।

वहीं दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, लखनऊ सुपर जाएंट्स, सनराइजर्स हैदराबाद और चेन्नई सुपर किंग्स को अपने-अपने पहले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा है, जिसके चलते ये टीमें फिलहाल अंक तालिका में निचले पायदान पर हैं। इन सभी टीमों के पास अभी भी वापसी का पूरा मौका है, क्योंकि टूर्नामेंट अभी शुरुआती चरण में है। आने वाले मुकाबलों में प्रदर्शन के आधार पर अंक तालिका में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
विज्ञापन

आईपीएल 2026 की अंक तालिका
टीम मैच जीते हारे अंक नेट रन रेट
राजस्थान रॉयल्स 1 1 0 2 +4.171
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 1 1 0 2 +2.907
दिल्ली कैपिटल्स 1 1 0 2 +1.397
मुंबई इंडियंस 1 1 0 2 +0.687
पंजाब किंग्स 1 1 0 2 +0.509
गुजरात टाइटंस 1 0 1 0 -0.509
कोलकाता नाइट राइडर्स 1 0 1 0 -0.687
लखनऊ सुपर जाएंट्स 1 0 1 0 -1.397
सनराइजर्स हैदराबाद 1 0 1 0 -2.907
चेन्नई सुपर किंग्स 1 0 1 0 -4.171
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें