आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने सात मैचों में 254 रन बनाए और शीर्ष पांच रन स्कोररों में जगह बनाई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका नाम आयरलैंड दौरे के लिए चुने गए संभावित 35 टी20 खिलाड़ियों की सूची में भी शामिल है। ऐसे में चर्चा तेज है कि वह जल्द ही भारत के लिए डेब्यू कर सकते हैं।
अश्विन ने दी संतुलित सलाह
इस पूरे मुद्दे पर भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने संतुलित और सोच-समझकर जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'मेरे हिसाब से आईपीएल के बाद उसे इमर्जिंग टूर, फर्स्ट क्लास क्रिकेट या इंडिया ए टूर पर भेजना बेहतर होगा। यह अनुभव अगले 12 महीनों में उसके लिए काफी फायदेमंद रहेगा।'
'लाइन में खड़े खिलाड़ियों को देखो'
अश्विन ने चयन की चुनौती को भी खुलकर सामने रखा। उन्होंने कहा, 'मुझे यह लड़का बहुत पसंद है, लेकिन देखिए कि लाइन में कितने खिलाड़ी खड़े हैं। यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ी 2024 वर्ल्ड कप से बाहर रहे थे और उन्हें भी मौके की जरूरत है।' उन्होंने आगे कहा, 'प्रियंश आर्य भी दरवाजा खटखटा रहे हैं। ऐसे में वैभव को मौका देना अच्छा है, लेकिन बाकी खिलाड़ियों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।'
डेब्यू पर जल्दबाजी नहीं
अश्विन ने साफ किया कि वैभव में टैलेंट की कमी नहीं है, लेकिन भारत की कैप की अहमियत भी बरकरार रहनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'मुझे कोई शक नहीं कि वैभव भारत के लिए खेलेगा, लेकिन उसे धीरे-धीरे आगे बढ़ाना जरूरी है। अगर सही तरीके से उसे तैयार किया गया तो उसका करियर बहुत लंबा होगा।'
चयनकर्ताओं के सामने मुश्किल फैसला
सूत्रों के अनुसार, चयनकर्ताओं के सामने बड़ी चुनौती यह है कि टीम में पहले से ही संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में वैभव को मौका देने के लिए किसी अनुभवी खिलाड़ी को बाहर करना आसान फैसला नहीं होगा। वैभव सूर्यवंशी का भविष्य बेहद उज्ज्वल नजर आ रहा है, लेकिन टीम इंडिया में जगह बनाना आसान नहीं है। अश्विन की सलाह यही है कि जल्दबाजी के बजाय सही समय और अनुभव के साथ उन्हें आगे बढ़ाया जाए।