भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला टीम इंडिया ने आठ विकेट से जीत लिया। तिरुवनंतपुरम में खेले गए इस मुकाबले में विराट कोहली के नाबाद शतक से भारतीय टीम ने धांसू जीत हासिल की। अब अगला मुकाबला 30 सितंबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा। इस शतक की वजह से कोहली तो चर्चा में हैं ही, लेकिन रोहित शर्मा भी एक अलग वजह से सुर्खियों में आ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले वनडे में भारत की जीत के बाद वह टीम बस से उतरते वक्त फिसल गए और लुढ़क कर बस की गेट पर पहुंच गए। इस घटना पर विराट कोहली का रिएक्शन भी वायरल हो रहा है।
कब की है घटना?
दरअसल, यह हादसा भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले वनडे के बाद हुआ। एक्स पर वायरल हो रहे वीडियोज में विंडीज पर शानदार जीत के बाद जब भारतीय खिलाड़ी टीम बस से होटल पहुंचे, तो सारे खिलाड़ी एक एक कर बस से उतरने लगे। वहां मौजूद पैपराजी भारतीय खिलाड़ियों को उतरते हुए शूट कर रहे थे। विराट कोहली समेत कुछ खिलाड़ी पहले ही उतर गए थे। वहीं, रोहित ऊपर की तरफ देखते हुए बस की सीढ़ी से उतर रहे थे। इसी बीच उनका पैर फिसला और वह लुढ़कते हुए गेट पर जा पहुंचे। वहां मौजूद अन्य स्टाफ ने रोहित को उठाया और फिर वह कुछ बोलते दिखे। वहां हुए शोर के बाद कोहली पीछे की तरफ मुड़े और रोहित की ओर चौंककर देखते हुए नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
बीसीसीआई की ओर से अपडेट नहीं
फिलहाल बीसीसीआई की ओर से रोहित को किसी प्रकार की चोट की पुष्टि नहीं की गई है। वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में रोहित 35 गेंद में दो चौके और तीन छक्के की मदद से 32 रन बनाकर आउट हुए थे। मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने विराट कोहली और कप्तान शुभमन गिल के शतकों की मदद से वेस्टइंडीज पर आठ विकेट से जीत दर्ज की। भारत ने इस तरह तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वेस्टइंडीज ने जस्टिन ग्रीव्स के शतक की मदद से 50 ओवर में सात विकेट पर 295 रन बनाए। ग्रीव्स ने 108 गेंद में 12 चौके की मदद से 101 रन बनाए। वहीं, जॉन कैंपबेल ने 60 गेंद में 62 रन की पारी खेली। इसके अलावा आमिर जांगो ने 58 रन बनाए। भारत की ओर से कुलदीप ने चार विकेट झटके। वहीं, प्रसिद्ध कृष्णा को दो विकेट मिले। नीतीश रेड्डी ने एक विकेट लिया।
भारत की ओर से कोहली-गिल का शतक
जवाब में कोहली और गिल ने शतक लगाए जिसकी मदद से भारत ने 41.4 ओवर में दो विकेट पर 300 रन बनाकर जीत दर्ज की। कोहली 88 गेंद में 10 चौके और नौ छक्के की मदद से 139 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, गिल ने 108 गेंद में 13 चौके और एक छक्के की मदद से 110 रन की पारी खेली। दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी में खेला जाएगा, जबकि तीसरा वनडे तीन अक्तूबर को न्यू चंडीगढ़ में होगा। तीन मैचों की वनडे सीरीज खत्म होने के बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। इसकी शुरुआत छह अक्तूबर से होगी।