रोहित-कोहली पर रहेगी सबसे बड़ी जिम्मेदारी
39 वर्षीय रोहित शर्मा और जल्द 38 वर्ष के होने वाले विराट कोहली अब भी वनडे क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। दोनों खिलाड़ियों की नजर अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप पर भी होगी। इंग्लैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जोफ्रा आर्चर और जोश टंग जैसे तेज गेंदबाजों का सामना आसान नहीं होगा, लेकिन रोहित और कोहली का अनुभव भारत के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हो सकता है।
टी20 में हार के बाद भारतीय टीम
- फोटो : PTI/IANS
टी20 की हार के बाद मनोबल बढ़ाने का मौका
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत का टी20 दौरा बेहद निराशाजनक रहा। टीम आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मुकाबले हार गई, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में उसे 0-4 से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। ऐसे में वनडे सीरीज में जीत टीम के आत्मविश्वास को नई ऊर्जा दे सकती है।
अर्शदीप-प्रसिद्ध-बुमराह
- फोटो : BCCI-X
बल्लेबाजी मजबूत, गेंदबाजी पर भी नजर
- कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल की मौजूदगी भारतीय बल्लेबाजी को बेहद मजबूत बनाती है। यदि शीर्ष क्रम बड़ी साझेदारी करता है तो भारत किसी भी लक्ष्य को हासिल करने या बड़ा स्कोर खड़ा करने की क्षमता रखता है।
- गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह की वापसी सबसे बड़ी मजबूती होगी। उनके साथ अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा तेज आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर स्पिन विभाग को संतुलन देंगे।
- शिवम दुबे चौथे तेज गेंदबाज होंगे। दुबे को चोटिल हार्दिक पंड्या और नीतीश कुमार रेड्डी की अनुपस्थिति के कारण मजबूरी में टीम में शामिल किया गया है।
इंग्लैंड भी पूरी तैयारी के साथ उतरेगा
मेजबान इंग्लैंड ने इस साल जनवरी के बाद कोई वनडे मैच नहीं खेला है, लेकिन हालिया टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन से टीम का मनोबल काफी ऊंचा है। जो रूट की वापसी से बल्लेबाजी और मजबूत हुई है, जबकि कप्तान हैरी ब्रूक, जोस बटलर, बेन डकेट और जैकब बेथेल भी शानदार लय में हैं। गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर, जोश टंग और आदिल राशिद भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती पेश करेंगे।
दोनों टीमों की संभावित रणनीति
भारत अनुभवी बल्लेबाजों के दम पर बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश करेगा, जबकि इंग्लैंड शुरुआती विकेट लेकर मध्यक्रम पर दबाव बनाना चाहेगा। वहीं भारतीय गेंदबाजों की कोशिश होगी कि वे पावरप्ले में इंग्लैंड के आक्रामक बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेजें।
भारतीय टीम के लिए यह सिर्फ एक वनडे सीरीज नहीं, बल्कि टी20 में मिली लगातार हार के बाद खुद को फिर से साबित करने का मौका भी है। वहीं इंग्लैंड अपनी घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर जीत की लय बरकरार रखना चाहेगा। ऐसे में बर्मिंघम में दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले की उम्मीद है।
- इंग्लैंड की कन्फर्म्ड प्लेइंग-11: जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग, आदिल रशीद।
- भारत की संभावित प्लेइंग-11: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, जसप्रीत बुमराह।