IND vs AFG Playing 11 Prediction Today Match अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर चुकी भारतीय टीम बुधवार को लखनऊ में दूसरा मुकाबला खेलेगी। टीम इंडिया की नजर सीरीज अपने नाम करने पर होगी, लेकिन इसके साथ ही 2027 विश्व कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए टीम प्रबंधन कुछ नए संयोजनों को भी आजमा सकता है। यशस्वी जायसवाल और कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
भारत और अफगानिस्तान के बीच बुधवार को तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच दोपहर दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा। धर्मशाला में बारिश से प्रभावित पहले वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को सात विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। अब लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले दूसरे मुकाबले में जीत भारत को अजेय बढ़त दिला सकती है।
विज्ञापन
हालांकि, भारतीय टीम की नजर सिर्फ मौजूदा सीरीज पर नहीं है। अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप को देखते हुए टीम मैनेजमेंट प्रयोग करना चाहता है। कप्तान शुभमन गिल पहले ही साफ कर चुके हैं कि टीम का फोकस अलग-अलग विकल्पों को आजमाने पर रहेगा।
रोहित की फिटनेस पर नजर, जायसवाल को मिल सकता है मौका
पहले वनडे में रोहित शर्मा बल्लेबाजी के दौरान कलाई पर गेंद लगने के बाद असहज नजर आए थे। हालांकि उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर कुछ सवाल बने हुए हैं। यदि टीम प्रबंधन एहतियात के तौर पर रोहित को आराम देने का फैसला करता है तो यशस्वी जायसवाल को मौका मिल सकता है। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने हाल के महीनों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और सीमित अवसरों में खुद को साबित भी किया है।
कुलदीप की वापसी संभव
पहले वनडे में भारत ने कुलदीप यादव को आराम देकर बाएं हाथ के स्पिनर हर्ष दुबे को डेब्यू का मौका दिया था। दुबे ने तीन विकेट लेकर प्रभावित भी किया, लेकिन अनुभवी कुलदीप यादव की वापसी की संभावना बनी हुई है। हाल के समय में कुलदीप की फॉर्म उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। आईपीएल और अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भी वह संघर्ष करते दिखे थे। इसके बावजूद वनडे क्रिकेट में उनका अनुभव और बीच के ओवरों में विकेट निकालने की क्षमता टीम के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।
तेज गेंदबाजी विभाग में बदलाव मुश्किल
पहले मैच में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले गुरनूर बराड़ ने तीन विकेट लेकर शानदार शुरुआत की थी। ऐसे में उन्हें एक और मौका मिलना लगभग तय माना जा रहा है। आईपीएल में प्रभावित करने वाले प्रिंस यादव को अभी इंतजार करना पड़ सकता है। भारत के तेज गेंदबाजों ने पहले मुकाबले में अनुशासित प्रदर्शन किया था और टीम प्रबंधन उसी संयोजन को बरकरार रखना चाहेगा।
अफगानिस्तान को एकजुट होने की जरूरत
अफगानिस्तान के लिए पहले वनडे में रहमानुल्लाह गुरबाज ने शानदार शतक लगाया था, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का पर्याप्त साथ नहीं मिला। टीम को दूसरे मैच में बेहतर सामूहिक बल्लेबाजी की उम्मीद होगी। राशिद खान, एएम गजनफर और मोहम्मद नबी की स्पिन तिकड़ी धर्मशाला में प्रभाव नहीं छोड़ पाई थी, लेकिन लखनऊ की पिच स्पिनरों के लिए अधिक मददगार साबित हो सकती है। बहरहाल, भारत के पास सीरीज जीतने का मौका है, वहीं अफगानिस्तान के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' जैसा होगा। ऐसे में लखनऊ में एक और रोमांचक मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।