पाकिस्तान के खिलाफ जीत से अभियान की शानदार शुरुआत करने वाली भारतीय महिला टीम बुधवार को महिला टी20 विश्व कप के अपने दूसरे ग्रुप मुकाबले में नीदरलैंड्स से भिड़ेगी। भारत की नजर लगातार दूसरी जीत दर्ज करने पर होगी, लेकिन टीम प्रबंधन बल्लेबाजी में अधिक निरंतरता भी देखना चाहेगा। स्मृति मंधाना और ऋचा घोष ने पहले मैच में अहम योगदान दिया था, जबकि अन्य बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
पाकिस्तान के खिलाफ पहले मुकाबले में भारत ने जीत तो दर्ज की, लेकिन बल्लेबाजी पूरी तरह प्रभावी नहीं दिखी। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और निचले क्रम में ऋचा घोष ने महत्वपूर्ण पारियां खेलकर टीम को संभाला, लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित योगदान नहीं दे सके।
विज्ञापन
सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा, कप्तान हरमनप्रीत कौर और मध्यक्रम की बल्लेबाज भारती फुलमाली बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहीं। ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबला भारतीय बल्लेबाजों के लिए लय हासिल करने का अच्छा अवसर होगा।
गेंदबाजों ने दिखाई थी दमदार फॉर्म
पहले मैच में भारतीय स्पिनरों ने शानदार प्रदर्शन किया था। दीप्ति शर्मा और श्री चरणी की जोड़ी ने मिलकर आठ विकेट झटके थे। दीप्ति ने पांच विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी थी। श्री चरणी भी अपनी फ्लाइट और विविधता से बल्लेबाजों को लगातार परेशान कर रही हैं। हालांकि तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकीं। दोनों खिलाड़ी इस मुकाबले में शुरुआती विकेट निकालकर अपनी छाप छोड़ना चाहेंगी।
फील्डिंग में भी सुधार की जरूरत
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम की फील्डिंग शुरुआत में कुछ कमजोर रही थी। हालांकि बाद में खिलाड़ियों ने कुछ अच्छे कैच लपके, लेकिन बड़े मुकाबलों से पहले टीम को इस विभाग में और सुधार करना होगा। भारत को ग्रुप चरण में आगे ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीमों का सामना करना है। ऐसे में नीदरलैंड्स के खिलाफ मुकाबला तैयारियों को मजबूत करने का अवसर भी होगा।
हार के बाद दबाव में नीदरलैंड
नीदरलैंड्स की टीम अपना पहला मैच बांग्लादेश से हारकर आ रही है। कप्तान बाबेट डी लीडे ने भी माना कि उनकी टीम बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। उन्होंने कहा, 'खेल के तीनों विभागों में हम वह प्रदर्शन नहीं कर पाए जिसकी उम्मीद थी। बल्लेबाजी में हम कुछ रन पीछे रह गए और फील्डिंग में भी हमने कुछ कैच छोड़े। हमें काफी कुछ सीखना और सुधारना होगा।' भारत इस मुकाबले में जीत की प्रबल दावेदार माना जा रहा है, लेकिन टीम की नजर सिर्फ दो अंक हासिल करने पर नहीं बल्कि बल्लेबाजी और फील्डिंग में कमियों को दूर करने पर भी होगी।