फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND W vs ENG W: जीत के बाद भारत ने इंग्लैंड की दिग्गज खिलाड़ियों के लिए ऐसा क्या किया, जिसने जीत लिया दिल?

Tue, 14 Jul 2026 03:23 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

लॉर्ड्स में ऐतिहासिक टेस्ट जीत के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने खेल भावना की शानदार मिसाल पेश की। टीम ने इंग्लैंड की दिग्गज खिलाड़ियों हीदर नाइट और टैमी ब्यूमोंट को उनके आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच पर हस्ताक्षर वाली भारतीय जर्सी भेंट कर सम्मानित किया। इस भावुक पल ने दोनों टीमों के बीच आपसी सम्मान और खेल भावना को दर्शाया।
विज्ञापन
भारत-इंग्लैंड की खिलाड़ी - फोटो : Twitter
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में इतिहास रचते हुए इंग्लैंड को एकमात्र टेस्ट में 270 रन से हराया, लेकिन जीत के बाद टीम ने जो किया, उसने क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जीत लिया। मैच समाप्त होने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने इंग्लैंड की दो दिग्गज क्रिकेटरों, हीदर नाइट और टैमी ब्यूमोंट, को उनके आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच की यादगार के तौर पर हस्ताक्षर वाली भारतीय टीम की जर्सी भेंट की। लॉर्ड्स के प्रतिष्ठित ऑनर्स बोर्ड के सामने हुआ यह भावुक पल क्रिकेट की खेल भावना का बेहतरीन उदाहरण बन गया। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने भी इस खास मौके का वीडियो साझा किया।
विज्ञापन

जेमिमा ने दिया भावुक संदेश
भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ने दोनों खिलाड़ियों को जर्सी सौंपते हुए कहा, 'आप जानते हैं कि क्रिकेट यादें बनाने का खेल है। भारतीय टीम की ओर से हम आपको आपके इंग्लैंड के लिए आखिरी मैच की एक छोटी-सी याद देना चाहते हैं। आपको शानदार करियर के लिए बधाई और भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएं।'
 

दो शानदार करियर का हुआ अंत
 
  • लॉर्ड्स टेस्ट के साथ इंग्लैंड की दो दिग्गज खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय करियर का भी अंत हो गया। हीदर नाइट ने मैच के दौरान संन्यास की घोषणा की थी, जबकि टैमी ब्यूमोंट पहले ही बता चुकी थीं कि यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा।
  • हीदर नाइट 2010 में पदार्पण के बाद इंग्लैंड के लिए 320 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली सबसे अनुभवी महिला क्रिकेटर रहीं। उन्होंने 8,017 रन बनाए, जिसमें छह शतक शामिल हैं। वह इंग्लैंड की पहली महिला खिलाड़ी बनीं, जिन्होंने क्रिकेट के तीनों अंतरराष्ट्रीय प्रारूपों में शतक लगाया। 2016 से 2025 तक कप्तान रहते हुए उन्होंने 199 मैचों में टीम की अगुआई की और 2017 में इंग्लैंड को महिला वनडे विश्व कप का खिताब भी जिताया।
  • वहीं 35 वर्षीय टैमी ब्यूमोंट ने 17 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहा। उनके नाम वनडे क्रिकेट में इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक 12 शतक दर्ज हैं। उन्होंने 12 टेस्ट में 614 रन, 140 वनडे में 4,738 रन और 109 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 1,975 रन बनाए। 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दोहरा शतक लगाने वाली वह इंग्लैंड की पहली महिला क्रिकेटर भी बनी थीं।
विज्ञापन

भारत ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास
इस भावुक विदाई से पहले भारतीय टीम ने लॉर्ड्स में अपना दबदबा दिखाया। भारत ने इंग्लैंड को 270 रन से हराकर इस प्रतिष्ठित मैदान पर अपना पहला महिला टेस्ट जीत लिया। यास्तिका भाटिया ने लॉर्ड्स में टेस्ट शतक लगाने वाली पहली महिला बनने का गौरव हासिल किया। पदार्पण कर रहीं तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने पहली पारी में पांच विकेट लेकर सभी को प्रभावित किया। स्मृति मंधाना ने दोनों पारियों में 83 और 70 रन बनाए, जबकि दीप्ति शर्मा ने बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दिया। ऋचा घोष ने नाबाद अर्धशतक खेला और भारत ने इंग्लैंड के सामने 457 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में इंग्लैंड की टीम चौथे दिन 186 रन पर सिमट गई। दीप्ति शर्मा ने चार विकेट लेकर भारत की ऐतिहासिक जीत पर मुहर लगा दी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें