विराट कोहली लगातार छह 50+ ODI स्कोर के साथ भारतीय रिकॉर्ड बनाने से सिर्फ एक पारी दूर हैं। वर्तमान में वे सचिन, द्रविड़, रोहित और रहाणे के साथ पांच फिफ्टी की बराबरी पर हैं। विश्व रिकॉर्ड जावेद मियांदाद (9) के नाम है। मौजूदा लय को देखते हुए राजकोट में कोहली पर सबकी निगाहें होंगी।
भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच राजकोट में होने वाले दूसरे वनडे मुकाबले पर सबकी निगाहें विराट कोहली पर होंगी। 37 वर्षीय भारतीय स्टार बल्लेबाज इस समय शानदार लय में हैं और सिर्फ एक बड़ी पारी उन्हें भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक अनोखी जगह दिला सकती है। कोहली ने लगातार पांच वनडे पारियों में पचास से अधिक स्कोर किए हैं।
विज्ञापन
फिलहाल वह सचिन तेंदुलकर, राहुल द्रविड़, रोहित शर्मा और अजिंक्य रहाणे के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। इन सभी के नाम पांच लगातार 50+ के स्कोर हैं। अगर कोहली राजकोट में भी पचास या उससे अधिक रन बना देते हैं, तो वे ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे, जिनके नाम लगातार छह 50+ वनडे पारियां दर्ज होंगी।
Trending Videos
कोहली की पिछली पांच वनडे पारियां
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में तीन मैचों की सीरीज के तीसरे वनडे से शुरू हुआ सिलसिला अभी तक जारी है। वडोदरा में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में उन्होंने 91 गेंदों पर बेहतरीन 93 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में नाबाद 65, 102 और 135 रन की पारियां खेली थीं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में उन्होंने नाबाद 74 रन बनाए थे।
दुनिया में जावेद मियांदाद शीर्ष पर
दुनिया में सबसे ज्यादा लगातार 50+ वनडे स्कोर पाकिस्तान के दिग्गज जावेद मियांदाद के नाम हैं (9), जबकि दूसरे स्थान पर इमाम-उल-हक हैं (7)। इन दोनों के बाद छह लगातार 50+ स्कोर की श्रेणी में बाबर आजम, केन विलियम्सन, शाई होप, क्रिस गेल, रॉस टेलर और पॉल स्टर्लिंग जैसे बड़े नाम आते हैं। यदि लिस्ट-ए क्रिकेट को शामिल किया जाए, तो विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली के लिए की गई दो पारियों के बाद कोहली की गिनती पहले ही सात 50+ स्कोर के साथ हो चुकी है।
कोहली का हालिया प्रदर्शन
कोहली ने पिछली पांच वनडे पारियों में 469 रन बनाए हैं और इस दौरान उनका औसत 156.33 रहा है। इनमें दो सेंचुरी और तीन फिफ्टी शामिल हैं। वहीं विजय हजारे ट्रॉफी को मिलाकर लिस्ट-ए में उनके सात लगातार 50+ स्कोर हैं जिनमें कुल 677 रन हैं और औसत 135.4 है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे आज राजकोट में खेला जाएगा।