फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आकाश दीप बीच मैच से क्यों हुए बाहर?: प्रसिद्ध कृष्णा बने कन्कशन सब्स्टीट्यूट; सिराज के साथ फिर हुई नाइंसाफी!

Sun, 29 Nov 2026 08:04 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, क्राइस्टचर्च

सार

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। एक तेज गेंदबाज के हेलमेट पर एक ही ओवर में दो बार गेंद लगी, जिसके बाद उन्हें मुकाबले से बाहर होना पड़ा। उनकी जगह प्रसिद्ध की एंट्री हुई है, लेकिन इस बदलाव में भी मोहम्मद सिराज को मौका नहीं मिला। आखिर टीम प्रबंधन ने यह फैसला क्यों लिया?
विज्ञापन
सिराज, प्रसिद्ध और आकाश दीप - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज आकाश दीप चोट के कारण मुकाबले से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। हालांकि, इस फैसले ने एक बार फिर मोहम्मद सिराज को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार दूसरे टेस्ट में प्लेइंग-11 से बाहर रहने वाले सिराज को आकाश दीप की जगह भी मौका नहीं मिला। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट सिराज के साथ नाइंसाफी कर रहे हैं? 

विज्ञापन

 

Trending Videos

मोहम्मद सिराज - फोटो : ANI
सिराज को फिर नहीं मिला मौका, प्रसिद्ध कृष्णा की एंट्री
न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने चार तेज गेंदबाजों के साथ उतरने का फैसला किया था। इसके बावजूद मोहम्मद सिराज को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली। टीम में एक बदलाव किया गया था। प्रसिद्ध कृष्णा को प्लेइंग-11 से बाहर कर गुरनूर बराड़ को जगह दी गई थी। अब आकाश दीप के चोटिल होकर बाहर होने के बाद भी टीम प्रबंधन ने सिराज पर भरोसा नहीं जताया। उनकी जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट बनाया गया है। इस तरह सिराज लगातार दूसरे टेस्ट में मैदान पर उतरने का इंतजार करते रह गए। पहले टेस्ट में भी उन्हें प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली थी। अब आकाश दीप की चोट के बाद हुए बदलाव में भी वह टीम की पहली पसंद नहीं बने।

आकाश दीप - फोटो : IANS
काइल जेमीसन की गेंद दो बार आकाश दीप के हेलमेट पर लगी
दरअसल, दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान आकाश दीप को न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमीसन की तेज बाउंसर का सामना करना पड़ा। जेमीसन के एक ही ओवर में दो बार गेंद आकाश दीप के हेलमेट पर लगी। हालांकि, दोनों बार गेंद लगने के बावजूद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और भारतीय पारी में योगदान दिया। लेकिन बाद में उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें इस टेस्ट में आगे खेलने के लिए अनुपलब्ध घोषित कर दिया गया। इसके बाद भारतीय टीम ने उनकी जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट की मांग की। पहली पारी में आकाश दीप भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे। उन्होंने पांच विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी समेटने में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में उनका बाहर होना भारतीय टीम के लिए बड़ा नुकसान है।



प्रसिद्ध कृष्णा को मिला कन्कशन सब्स्टीट्यूट का मौका
आकाश दीप की जगह प्रसिद्ध कृष्णा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर शामिल किया गया है। वह अब इस टेस्ट में भारतीय टीम के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं, सिराज को एक बार फिर बाहर रखने के फैसले पर चर्चा शुरू हो गई है। कमेंट्री कर रहे मुरली कार्तिक ने फैसले पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जब प्रसिद्ध को खराब गेंदबाजी के लिए बाहर किया गया था, तो कन्कशन में जगह तो सिराज की बनती थी। हालांकि, ऐसा नहीं किया गया।

प्रसिद्ध कृष्णा - फोटो : PTI
कार्तिक और हर्षा भोगले ने की आलोचना
कार्तिक ने कहा कि समझ नहीं आ रहा कि टीम मैनेजमेंट की क्या सोच है। उन्होंने कहा कि यह किसी खिलाड़ी का मनोबल गिराने वाला काम करता है। सिराज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के इस चक्र में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। वहीं, क्रिकेट कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने मोहम्मद सिराज को लगातार बाहर रखने के फैसले पर भी सवाल उठाए। भोगले ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'भारत के लिए कन्कशन सब्स्टीट्यूट! आकाश दीप बाहर हुए और प्रसिद्ध कृष्णा टीम में आए। सिराज के साथ निश्चित रूप से कुछ गंभीर मामला है, तभी उन्हें चयन के योग्य नहीं माना जा रहा है।'
 

ध्रुव जुरेल - फोटो : BCCI
भारत की पारी 246 रन पर सिमटी
भारत की पहली पारी 86.1 ओवर में 246 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 356 रन बनाए थे। इस लिहाज से दूसरी पारी में कीवियों को 110 रन की बढ़त हासिल है। तीसरे दिन भारत ने छह विकेट पर 116 रन से आगे खेलना शुरू किया और  130 रन बनाने में बाकी के चार विकेट गंवाए। आज का सबसे पहला झटका अंशुल कंबोज के रूप में लगा। वह खाता खोले बिना मैट हेनरी का शिकार बने। इसके बाद ध्रुव जुरेल ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ अच्छी साझेदारी निभाई।

जुरेल ने पहले आकाश दीप के साथ आठवें विकेट के लिए 74 गेंद में 46 रन की साझेदारी निभाई और भारत को फॉलोऑन से बचाया। भारत को फॉलोऑन से बचने के लिए 157 रन बनाने थे। आकाश दीप ने 52 गेंद में चार चौके की मदद से 29 रन बनाए। उन्हें नाथन स्मिथ ने विकेटकीपर ब्लंडेल के हाथों कैच कराया। फिर जुरेल ने गुरनूर बराड़ के साथ 123 गेंद में 64 रन की साझेदारी की। गुरनूर ने 46 गेंद में 10 रन बनाए। उन्हें काइल जेमीसन ने बोल्ड किया।

इन दो साझेदारियों की बदौलत भारत 200 पार करने में कामयाब रहा। इसके बाद जुरेल ने बुमराह के साथ 10वें विकेट के लिए 19 रन जोड़े। काइल जेमीसन ने जुरेल को ब्लंडेल के हाथों कैच कराया और भारत की पारी को 246 रन पर समेट दिया। जुरेल ने 170 गेंदें खेलीं और 14 चौके की मदद से 88 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से जेमीसन ने चार विकेट लिए। वहीं, मैट हेनरी, नाथन स्मिथ और जैकब डफी को दो-दो विकेट मिले।
विज्ञापन

ध्रुव जुरेल - फोटो : BCCI
दूसरे दिन भारत ने गंवाए थे छह विकेट
इससे पहले दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन न्यूजीलैंड की पहली पारी 356 रन पर सिमटी थी। इसके जवाब में भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने नहीं दिया। यशस्वी जायसवाल खाता खोले बिना आउट हुए। मैट हेनरी ने पहले ही ओवर में यशस्वी जायसवाल को बोल्ड कर दिया। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल और केएल राहुल ने दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़े। काइल जेमीसन ने पडिक्कल (21) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। जेमीसन ने कप्तान शुभमन गिल (17) को भी पवेलियन भेजा।

ऋषभ पंत ने 23 रन बनाकर कुछ देर तक तेजी से रन बनाने की कोशिश की, लेकिन जैकब डफी की गेंद पर कैच थमा बैठे। डफी ने इसके बाद केएल राहुल (25) को भी आउट कर दिया। नाथन स्मिथ ने वॉशिंगटन सुंदर (10) को पवेलियन भेजकर भारत को छठा झटका दिया। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम इंडिया को इस मुकाबले में जीत की जरूरत है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें