ब्रेंडन मैकुलम ने राष्ट्रीय टेस्ट कोच के तौर पर अपने नतीजों के लिए इंग्लैंड के क्रिकेट प्रशंसकों से माफी मांगी है और माना कि अब किसी और को मौका देने का समय आ गया है। मैकुलम सीमित ओवरों की टीम के प्रभारी बने रहे, लेकिन रविवार को उन्हें टेस्ट क्रिकेट में इस भूमिका से हटा दिया गया जो वह 2022 से संभाल रहे थे।
कोच से हटाए जाने पर मैकुलम क्या बोले?
न्यूजीलैंड के इस खिलाड़ी ने पुष्टि की कि उन्हें हटाया गया था और उन्होंने खुद पद नहीं छोड़ा था जैसा कि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने एक बयान में कहा था। एजबेस्टन में सोमवार को उन्होंने कहा, 'हां, मुझे ईसीबी ने पद से हटा दिया। मैं निराश था, लेकिन साथ ही मैं इस फैसले का पूरा सम्मान करता हूं। हम नतीजों पर आधारित खेल में हैं और असल में हमारे नतीजे उतने अच्छे नहीं थे। अब किसी और को मौका देने का समय आ गया है।'
इंग्लैंड के टेस्ट कोच के तौर पर मैकुलम का रिकॉर्ड
- इंग्लैंड के टेस्ट कोच के तौर पर मैकुलम का रिकॉर्ड 27 जीत, दो ड्रॉ और 20 हार का रहा। कप्तान बेन स्टोक्स के साथ उनके कार्यकाल को ‘बैजबॉल’ नाम दिया गया था।
- आक्रामक खेल ने टेस्ट क्रिकेट में नई जान फूंकी और शानदार नतीजे दिए। उनके कार्यकाल की शुरुआत में इंग्लैंड ने अपने पहले 11 टेस्ट मैच में से 10 जीते।
- लेकिन जैसे-जैसे टीम के अनुभवी खिलाड़ी संन्यास लेते गए तो नतीजे खराब होने लगे।
- इंग्लैंड अपने पिछले नौ टेस्ट मैच में से सात हार गया जिसमें पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ 1-2 की हार भी शामिल है जिसके बाद स्टोक्स ने संन्यास ले लिया।
भारत के खिलाफ वनडे सीरीज पर मैकुमल की नजर
अब मैकुलम की नजर भारत के खिलाफ वनडे सीरीज पर है। बहुत सारे टी20 और कुछ टेस्ट मैच (न्यूजीलैंड के खिलाफ) खेलने के बाद इंग्लैंड को इस प्रारूप के लिए अपनी लय में लौटना होगा हालांकि टी20 में शानदार जीत से उसके खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढ़ा होगा। बल्लेबाजी क्रम में जो रूट के शामिल होने से इंग्लैंड की बल्लेबाजी को और अधिक मजबूती मिलेगी। बल्लेबाजी में उसका दारोमदार हैरी ब्रूक, जैकब बेथेल और जोस बटलर पर टिका रहेगा।