बल्लेबाजी क्रम में बदलाव के पक्ष में नहीं हैं मोर्केल?
मोर्केल ने स्पष्ट किया कि टीम प्रबंधन बल्लेबाजों की बल्लेबाजी क्रम में बार-बार बदलाव करने के पक्ष में नहीं है। उनका कहना था कि केवल किसी नए खिलाड़ी को खिलाने के लिए दूसरे खिलाड़ियों की भूमिका बदलना सही फैसला नहीं होगा। उन्होंने कहा कि टीम उन खिलाड़ियों के साथ आगे बढ़ना चाहती है जिन्होंने विश्व कप जीते हैं और कठिन परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन किया है। साथ ही परिस्थितियों के अनुसार मजबूत शीर्ष क्रम तैयार करने पर भी काम किया जाएगा।
वैभव सूर्यवंशी ने टीम में किया है प्रभावित?
मोर्केल ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय ड्रेसिंग रूम के माहौल में खुद को अच्छी तरह ढाल लिया है। उन्होंने बताया कि 15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेट्स में अभ्यास करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन वैभव ने अब तक काफी प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि जब भी वैभव को मौका मिलेगा, वह उसके लिए तैयार रहेंगे। टीम के साथ उनका तालमेल भी काफी सहज रहा है।
प्रिंस यादव और हर्षित राणा की भी हुई तारीफ?
मोर्केल ने युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव की भी जमकर सराहना की। उन्होंने बताया कि लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ काम करने के दौरान प्रिंस नेट गेंदबाज थे और तभी उनकी प्रतिभा पहचान ली गई थी। उन्होंने कहा कि प्रिंस का शांत स्वभाव, लगातार खुद को बेहतर बनाने की सोच और दबाव में सही फैसले लेकर उन्हें लागू करने की क्षमता काफी प्रभावशाली है। डेथ ओवरों और बीच के ओवरों में उनकी गेंदबाजी से वह खासे प्रभावित हैं। मोर्केल ने कहा कि चोट से वापसी के बाद हर्षित राणा को पूरी तीव्रता के साथ गेंदबाजी करते देखना भी काफी प्रभावशाली रहा है।